फैक्ट्री से निकाले जाने पर मजदूरों ने गेट पर किया हंगामा
संवाद सूत्र मगरवारा मगरवारा के अकरमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एमआई फुटवियर के गेट पर
संवाद सूत्र, मगरवारा : मगरवारा के अकरमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एमआई फुटवियर के गेट पर 24 से अधिक मजदूरों ने सोमवार को हंगामा किया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन ने उनसे काम न कराकर बाहर के श्रमिकों को बुलाकर काम करा रहे हैं। साथ ही उन्हें लॉकडाउन अवधि का वेतन भी नहीं दिया गया। सुबह फैक्ट्री गए तो गेट पर नो इंट्री लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मजदूरों को समझाने का प्रयास किया।
चौकी इंचार्ज अखिलेश यादव ने फैक्ट्री प्रबंधन से लॉकडाउन की समस्या को समझाते हुए समस्या का निराकरण कराने को कहा। इसी दौरान किसी श्रमिक ने सूचना डीएम को दे दी। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय श्रम प्रवर्तन अधिकारी संजय शुक्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों और फैक्ट्री प्रबंधन से बात की और दोनों को मौके पर बुलाकर सामंजस्य स्थापित करने की कोशिश की। मजदूरों ने बताया कि वह लोग वर्षों से इस फैक्ट्री में काम कर रहे हैं। इस बाबत उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से बात की गई तो उसने काम न होने की विवशता जताई। बताया कि जितना काम होगा उतने मजदूर बुलाए जाएंगे। मजदूरों में सूरज, कमल, विमला, माया, पूनम, चंद्र प्रकाश, बिदा, सुभाष, दुर्गेश तिवारी, सजीवन, आदेश, रामकुमार, संतोष कुमार, सुनीता, संतोष सोनी, सुषमा आदि लंबे समय से फैक्ट्री में काम करते हैं। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन और श्रमिकों के बीच वार्ता हो गई है। प्रबंधन ने एक हफ्ते के अंदर सभी मजदूर का भुगतान करने के लिए कहा है।