24 घंटे में गंगा का जलस्तर सात सेमी. घटा
संवाद सहयोगी शुक्लागंज बीते 24 घंटे में गंगा का जलस्तर सात सेमी. घटा है। रविवार शाम चार
संवाद सहयोगी, शुक्लागंज: बीते 24 घंटे में गंगा का जलस्तर सात सेमी. घटा है। रविवार शाम चार बजे गंगा का जलस्तर 111.880 मीटर रिकार्ड किया गया। जबकि शनिवार को शाम चार बजे जलस्तर 111.950 मीटर रिकार्ड किया गया था। बाढ़ के पानी से घिरे लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से नाव की व्यवस्था अब तक नहीं की गई है। जिस कारण उन्हें ज्यादा परेशान होना पड़ रहा है।
चंपापुरवा, गोताखोर, करबला, हुसैन नगर व साईं नगर मोहल्लों में पानी भरा होने से अभी भी मुश्किल बरकरार हैं। इन मोहल्लों में लगभग एक सैकड़ा से अधिक मकान पानी से घिरे हुए हैं। लगभग पांच सैकड़ा से अधिक आबादी के सामने तमाम दुश्वारियां हैं। घरों के दरवाजों तक पानी भरा होने से लोग नाव से आवागमन कर रहे हैं। यहां के लोगों का कहना है कि अभी तक प्रशासन की ओर से नाव तक की व्यवस्था नहीं कराई गई है। प्राइवेट नाव से लोग आवागमन कर रहे हैं। पानी भरा होने से महिलाएं व बच्चे घरों में कैद होकर रह गए हैं। विद्युत कनेक्शन कट जाने से दिक्कत और ज्यादा बढ़ गई हैं। उधर, रविदास नगर कटरी में नदी किनारे जहां बालू भरे जियो ट्यूब डाले गए थे, अब उसके आगे कटान होने लगी है।