समर्पित होकर करें श्रीराम मंदिर निर्माण निधि का समर्पण
जागरण संवाददाता उन्नाव अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण देखने का सौभाग्य मौजूदा पीढ़ी को 500
जागरण संवाददाता, उन्नाव: अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण देखने का सौभाग्य मौजूदा पीढ़ी को 500 साल बाद मिल रहा है। यही नहीं मंदिर निर्माण के लिए सहयोग का पुण्य भी मिल रहा है। इसलिए श्रद्धालु समर्पित होकर श्रीराम मंदिर निर्माण निधि का समर्पण करें। हिदू जागरण मंच के प्रांतीय मंत्री एवं प्रभारी विमल द्विवेदी ने जनता का आह्वान इस बात से किया। अभियान को गति देते हुए बुधवार को शहर के रामलीला मैदान से आवास विकास बालिक वाटिका तक हिदू जागरण मंच व विहिप ने संयुक्त जन जागरूकता पद यात्रा की।
अयोध्या में राममंदिर निर्माण के लिए चल रहे निधि संकलन/समर्पण अभियान को गतिशील बनाने के लिए नगर में एक जनजागरण पद यात्रा निकाली गई। पदयात्रा रामलीला मैदान से दोपहर दो बजे शुरू होकर आवास विकास के बालिका वाटिका स्थल पर जाकर समाप्त हुई। रास्ते मे जगह-जगह व्यापारी वर्ग व आम जनमानस ने यात्रा का स्वागत किया। जनमानस ने श्रीराम के घोष से माहौल को पूरी तरह राममय बना दिया। यात्रा में हिदू जागरण मंच के प्रांतीय मंत्री एवं प्रभारी विमल द्विवेदी और विहिप के संगठन मंत्री अविनाश ने जनसमूह की अगुवाई की। प्रमुख रूप से संघ के जिला कार्यवाह आशीष सिंह व संघ के विभाग प्रचारक आलोक ने शुभारंभ किया। मंच के जिलाध्यक्ष अजय त्रिवेदी, अवनीश, अखिलेश कुमार, चंद्रकांता जोशी, उमा शुक्ला, विवेक तिवारी, अमित शुक्ला, रघुवंश मणि, भाजपा नगर अध्यक्ष सुशील तिवारी, आरएसएस जिला प्रमुख साधना दीक्षित, मोनू दीक्षित, मधू शर्मा आदि उपस्थित रहे।