ऑनलाइन वेबिनार से दादा ध्यान चंद्र को याद कर मनाया गया खेल दिवस
जागरण संवाददाता उन्नाव दही चौकी स्थित केंद्र विद्यालय में हॉकी के जादूगर दादा ध्यानचंद की ज
जागरण संवाददाता, उन्नाव : दही चौकी स्थित केंद्र विद्यालय में हॉकी के जादूगर दादा ध्यानचंद की जयंती पर ऑनलाइन वेबिनार के माध्यम से राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस दौरान घर से ही छात्र-छात्राओं ने प्रेरणादायक वीडियो देखे तो साथ स्पोर्ट्स क्विज में हिस्सेदारी की। वहीं पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता भी हुई।
प्राचार्य महिपाल सिंह की अध्यक्षता में खेल दिवस मनाया गया। इंडियन ओलिपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ आनंदेश्वर पांडेय समेत देश की नामी गिरामी खेल हस्तियों ने बच्चों को संदेश दिए। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के टीजीटी, पीएचई अश्वनी कुमार शुक्ल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए ध्यानचंद के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। यश भारती पुरस्कार से सम्मानित डॉ आनंदेश्वर पांडेय ने केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा खेलों के विकास के लिए किये जा रहे प्रयासों की सराहना की। योग गुरु सुनील सिंह, भारतीय स्कूली फुटबॉल टीम के चयनकर्ता व प्रशिक्षक आरडी पाल, लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित रविकांत मिश्र, राष्ट्रिय व अंतर्राष्ट्रीय खिलाडियों को तैयार करने वाले मुकेश सब्बरवाल, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल कोच व इंडियन विमेंस फुटबॉल टीम की प्रशिक्षिका साधना सिंह ने कोविड -19 में बच्चों को घर पर रहते हुए योग और व्यायाम करने की सलाह दी। इस मौके पर विद्यालय के उप प्राचार्य अजय सक्सेना ने बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी। ऑनलाइन वेबिनार का संचालन विद्यालय के टीजीटी पीएचई अश्वनी कुमार शुक्ल ने किया व धन्यवाद ज्ञापन उप प्राचार्य अजय सक्सेना ने किया। मैनेजमेंट कमेटी सदस्य मनीष सिंह सेंगर सहित शिक्षक, अभिभावकों छात्र-छात्राओं ने भी वेबिनार में भाग लिया।