भाजपा नेता के घर से नकदी-जेवर चोरी
संवाद सूत्र, अचलगंज : रविवार की रात भाजपा जिला उपाध्यक्ष के घर पर धावा बोल चोरों ने नकदी समे
संवाद सूत्र, अचलगंज : रविवार की रात भाजपा जिला उपाध्यक्ष के घर पर धावा बोल चोरों ने नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। एक लाख से अधिक का सामान चोरी किया गया। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
थाना क्षेत्र के भुंभुवार निवासी भाजपा जिला उपाध्यक्ष सिद्धार्थ दीक्षित का परिवार गांव में ही बने पैतृक आवास में रहता है। रोज की तरह सभी परिजन घर में सो रहे थे। आगे के कमरे में गृह स्वामी सिद्धार्थ दीक्षित व उसी के बगल में पुत्र अनूप परिवार सहित सो रहे थे। इस दौरान रविवार रात घर के पीछे से चढ़कर चोर छत पर पहुंचे। बताते हैं कि जीने में लोहे व लकड़ी के दरवाजे लगे, जिनकी कुंडियां कटर से काटकर चोर नीचे घर पहुंचे। इसके बाद स्टोर का ताला तोड़ कर उसमें रखी अलमारी को खोलकर 25 हजार की नकदी व जेवरात पार कर दिया। सुबह स्टोर में फैला सामान देख भाजपा नेता व उनका परिवार सकते में आ गया। जीने का दरवाजा भी टूटा था। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई जिस पर घटनास्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर आशुतोष त्रिपाठी ने जांच की। इंस्पेक्टर का अनुमान है कि कोई करीबी घटना में शामिल है। इसे घर के अंदर की बखूबी जानकारी रही है। कहा कि घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।