प्रतिबंधित पेड़ों की कटान जारी, पुलिस मौन
संवाद सूत्र, बारासगवर : थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित पेड़ों की कटान धड़ल्ले से की जा रही है। र
संवाद सूत्र, बारासगवर : थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित पेड़ों की कटान धड़ल्ले से की जा रही है। रात के अंधेरे में इलेक्ट्रानिक मशीनों से कटान करने वाले माफिया एक स्थान पर लकड़ी एकत्रित करने के बाद पुलिस से सिगनल मिलने पर गंतव्य पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। थाना पुलिस और डायल 100 की सहायता से क्षेत्र में लकड़ी माफिया सक्रिय हैं।
रात के अंधेरे में इलेक्ट्रानिक आरी से कुछ देर में बड़े-बड़े पेड़ काटकर गिरा देने वाले यह माफिया रग्घूखेड़ा में विश्व देव मंदिर परिसर में प्रतिबंधित पेड़ों को काट कर जमा करते हैं। यहां पर काफी मात्रा में लकड़ी जमा हो जाने पर वे पुलिस से हरी झंडी मिलने के बाद इसे ट्रैक्टर और ट्रक से गंतव्य तक पहुंचाते हैं। एक ओर सरकार पौधरोपण के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है तो दूसरी ओर वन माफिया क्षेत्र से पेड़ों की सफाई अभियान में जुटे हुए हैं। थाना पुलिस और वन विभाग की सांठगांठ से यह वन माफिया आम, नीम, महुआ, जामुन आदि के फलदार प्रतिबंधित हरे पेड़ों की कटान बेखौफ हो कर कर रहे हैं। थानाध्यक्ष बारासगवर अजय त्रिपाठी ने बताया कि इस तरह का कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है।