सूने घरों को चोरों ने बनाया निशाना
संवाद सूत्र, चकलवंशी : अगल-बगल के दो घरों में ताले पड़े देख चोरों ने उन्हें निशाना बना डाला
संवाद सूत्र, चकलवंशी : अगल-बगल के दो घरों में ताले पड़े देख चोरों ने उन्हें निशाना बना डाला। दोनों के गृह स्वामी परिवार के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। आसपास के लोगों ने ताले टूटे देख उन्हें सूचना दी। देर शाम तक उनके न आने पर हुए नुकसान का आंकलन नहीं हो सका। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मकान मालिकों के आने का इंतजार कर रही है।
पहली घटना में चोरों ने सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव खोखापुर निवासी बेचेलाल पुत्र गिरधारी के घर के मेन दरवाजे पर ताला लगा देख उसे निशाना बनाया। आशंका जताई जा रही है कि पीछे के रास्ते छत पर चढ़कर जीने से चोर घर में उतरे। अलमारी का लॉकर टूटा होने से कीमती सामान पार होने की चर्चाएं रहीं। इसी तरह पड़ोसी लल्ली पुत्र गोला के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। सुबह दोनों घरों के ताले टूटे देख पड़ासियों ने दोनों को फोन पर जानकारी दी। जिस पर उन्होंने जल्द घर पहुंचने की बात कही। पड़ोसियों के अनुसार बेचेलाल और लल्ली दिल्ली में परिवार के साथ रहकर नौकरी करते हैं। दोनों के आने के बाद ही नुकसान का आंकलन हो सकेगा।