घर में आग लगने से चार बकरियां व एक बछड़े की मौत, अनाज भी जला
संवाद सूत्र असोहा मंगलवार सुबह ब्लाक क्षेत्र के सुर्जापुर गांव निवासी उर्मिला पत्नी देवान के घर
संवाद सूत्र, असोहा : मंगलवार सुबह ब्लाक क्षेत्र के सुर्जापुर गांव निवासी उर्मिला पत्नी देवान के घर में रखे छप्पर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें छप्पर के नीचे बंधी चार बकरियों व एक बछड़े के अलावा अनाज आदि भी जल गया। महिला ने जब घर में आग देखी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने बताया कि वह बच्चों के साथ घर से खेतों में धान काटने गई थी, तभी यह घटना हो गई।
उर्मिला ने बताया कि वह खेत में धान काटने अपने तीन बच्चों के साथ गई थी। उसके पति दिल्ली में मजदूरी करते हैं। पड़ोसियों ने उसे घर में आग लगने की सूचना दी। जिस पर खेत से आनन-फानन भागकर वह घर पहुंची। घर में आग लगी देख उसके होश उड़ गए। पड़ोसियों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। लेकिन आग से छप्पर के नीचे बंधी चार बकरियां व एक बछड़े की जलकर मौत हो गई। वहीं घर में रखा अनाज भी जल गया। ग्राम प्रधान पुत्र गोली ने घटना की सूचना लेखपाल व पशु चिकित्सा अधिकारियों को दी। लेखपाल प्रशांत अवस्थी ने नुकसान का आकलन किया और पशु चिकित्सालय से आए डॉक्टरों ने आग में जलकर मरे पशुओं का पीएम कराने की बात कही है।