पराली जलाने पर दो किसानों पर मुकदमा दर्ज
संवाद सहयोगी पुरवा शासन द्वारा खेत की पराली जलाने पर मनाही के बावजूद किसानों का पराली ज
संवाद सहयोगी, पुरवा : शासन द्वारा खेत की पराली जलाने पर मनाही के बावजूद किसानों का पराली जलाने का क्रम बरकरार है। इसी के चलते तहसील क्षेत्र के दो गांवों में पराली जलाने पर एसडीएम के निर्देश पर लेखपालों ने दो किसानों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
मौरावां थाना क्षेत्र के ग्राम मवई के लेखपाल राजेंद्र कुमार ने भ्रमण के दौरान पटेढ़ा निवासी भूस्वामी सुमन पत्नी श्याम मिलन सिंह के खेतों में पराली जली हुई पाई। लेखपाल के अनुसार पत्नी के नाम भूमि पर श्याम मिलन ने फसल लगाई थी और फसल काटने के बाद पराली जला दी। जिस पर लेखपाल ने श्याम मिलन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
वहीं, असोहा ब्लाक के ग्राम सहरावा में भी मां मैका देवी की भूमि पर धान की फसल लगाने वाले पुत्र मिथिलेश पुत्र रामनरेश ने खेत की पराली जला दी। लेखपाल रामप्रसाद ने किसान के विरुद्ध थाना सोहरामऊ में मुकदमा दर्ज कराया है। एसडीएम राजेश चौरसिया ने बताया कि पराली जलाने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। तहसील के सभी राजस्व कर्मियों को कड़ी निगाह रखने की जिम्मेदारी दी गयी है।