उन्नाव, जेएनएन। भाजपा सरकार में देश व प्रदेश की अर्थ व्यवस्था बढ़ी है। प्रदेश आज अपराध मुक्त हो रहा है, जिसका परिणाम है कि प्रदेश में उद्यमियों का निवेश बढ़ा है। पहले प्रदेश में उद्यमी निवेश करने के लिये सोचते थे। लेकिन अब बिना संकोच यहां निवेश कर रहे हैं। भाजपा सरकार में पूरे प्रदेश को बिना भेदभाव के बिजली मिल रही है, जबकि पहले कुछ विशेष क्षेत्रों को ही बिजली मिलती थी।
यह बात रविवार को असोहा ब्लाक के गांव चंदनखेड़ा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर आयोजित संगोष्ठी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण सरकार की कार्ययोजना है। सरकार के कार्यों की रूप रेखा और लेखा जोखा प्रस्तुत होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सबको बिना किसी भेदभाव के बराबरी का हक मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो वादे करती है उनको पूरा भी किया जाता है। भाजपा सरकार में देश और प्रदेश में अर्थ व्यवस्था बढ़ी है। भाजपा सरकार में किसान, युवाओं और महिलाओं सभी के विकास पर लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश का बुनियादी ढांचा बदल रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन पर लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।
इससे पहले जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव के लिये अभी से तैयारी शुरू करने का आवाह्नन किया। विधायक अनिल सिंह ने कहा पहले सदन में ही अभिभाषण होते थे, लेकिन मोदी सरकार में आम जनता तक राष्ट्रपति के अभिभाषण सुनवाए जा रहे हैं। भाजपा सरकार में बिना भेदभाव के विकास कार्य हो रहे हैं। जिला प्रभारी कमलेश मिश्रा, ब्लाक प्रमुख हिलौली दिलीप दीक्षित ने भी संबोधन किया।