विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, आगरा की अदिति और अयोध्या के आयुष ने मारी बाजी

Published: Wed, 07 Oct 2026 04:06 PM (IST)

राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में आगरा की अदिति और अयोध्या के आयुष ने एकल वर्ग में जीत हासिल की।

राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम।

राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम।

HighLights

  1. राज्य स्तरीय बैडमिंटन के क्वार्टर फाइनल मुकाबले संपन्न हुए।

  2. आगरा की अदिति और अयोध्या के आयुष एकल विजेता बने।

  3. पुरवा और भगवंतनगर में क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे मंगलवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग में अलीगढ़ की आरती व ज्योति और सहारनपुर की राधिका व शगुन की जोड़ी ने बाजी मारी।

वहीं बालक वर्ग में अयोध्या के अभिनव व आयुष और कानपुर के आरव शर्मा व आयुष कुमार की जोड़ी ने जीत हासिल की। एकल वर्ग में आगरा की अदिति और अयोध्या के आयुष ने जीत हासिल की।

पंडित दीनदयाल स्टेडियम में खेली जा रही राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में 18 मंडलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग का पहला क्वार्टर फाइनल अलीगढ़ की आरती व ज्योति कश्यप और अयोध्या की अंशिकाराज व सावित्रिका राज की जोड़ी के बीच खेला गया।

इसमें आरती और ज्योति की जोड़ी ने 7-15, 15-6, 15-12 के अंतर से जीत हासिल की। इसके बाद दूसरा क्वार्टर फाइनल सहारनपुर की राधिका व शगुन और प्रयागराज की रिधिमा केसरवानी व विदिता मौर्य के बीच खेला गया।

इसमें राधिका और सगुन की जोड़ी ने 15-11, 4-15, 15-7 के अंतर से जीत हासिल की। बालक वर्ग का पहला क्वार्टर फाइनल मैच अयोध्या के अभिनव शर्मा व आयुष मिश्रा और प्रयागराज के आर्यन ओटवार व यश साहू की जोड़ी के बीच खेला गया।

इसमें 15-10, 15-10 के अंतर से अभिनव व आयुष की जोड़ी ने जीत दर्ज की। दूसरा क्वार्टर फाइनल कानपुर के आरव शर्मा व आयुष कुमार और मेरठ के माज व मनन ठाकुर की जोड़ी के बीच खेला गया। इसमें 15-12, 15-11 के अंतर आरव व आयुष की जोडी़ ने जीत दर्ज की।

एकल बालिका वर्ग में आगरा की अदिति ने अलीगढ़ की श्रेष्ठा को हराया। जबकि बालक वर्ग में अयोध्या के आयुष ने चित्रकूट के अनुज चौरसिया को मात दी। एडीएम सुशील कुमार ने विजयी खिलाडि़यों को सम्मानित किया और उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल, आनंद मोहन, मयंक कुमार, सोनू सिंह, कुशमेश कुमार आदि मौजूद रहे।

800 मीटर दौड़ में रचित ने मारी बाजी

संस, पुरवा: केएनपीएन इंटर कालेज मौरावां में बालक वर्ग की क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने दौड़, गोला फेंक, लंबी और ऊंची कूद में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

दूसरे दिन की प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग 100 मीटर दौड़ में अमित कुमार और सीनियर वर्ग में आशू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर में अमित कुमार और 800 मीटर में रचित यादव ने जीत हासिल की।

सीनियर वर्ग में आदर्श कुमार ने 800 मीटर दौड़ में सफलता पाई। गोला फेंक में शिशुराज और जूनियर गोला फेंक में यश साहू ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्या उषा शुक्ला ने सभी विजेता छात्रों को प्रतीक चिन्ह व प्रमाण देकर सम्मानित किया।

100 मीटर दौड़ में गोविंद अव्वल

कस्बा भगवंतनगर के आरआरबीएन इंटर कालेज में मंगलवार को माध्यमिक विद्यालयों की बक्सर जोन की क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त ने 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया।

100 मीटर सीनियर वर्ग में गोविंद ने पहला स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में ऋषभ ने बाजी मारी। प्रतियोगिता में 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर और 1500 मीटर दौड़ के साथ-साथ भाला फेंक और लंबी कूद प्रतियाेगिता भी हुई। विद्यालय की प्रबंधक राजश्री सिंह और प्रधानाचार्य डीके सिंह ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। खेल प्रभारी ज्ञान प्रताप सिंह ने सभी शिक्षकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।