उन्नाव के इंडाग्रो स्लॉटर हाउस में गुटखा को लेकर खूनी संघर्ष, 35 घायल
उन्नाव के इंडाग्रो स्लाटर हाउस दही चौकी में आज गुटखा अंदर ले जाने को लेकर सिक्योरिटी गार्ड के साथ मजदूरों ने मारपीट की। इसके बाद गार्ड बड़ी संख्या में आ गए।
उन्नाव, जेएनएन। गुटखा ले जाने को लेकर आज यहां इंडाग्रो स्लॉटर हाउस में गार्ड तथा मजदूरों के बीच संघर्ष काफी बढ़ गया। इस खूबी संघर्ष में 35 लोग घायल हैं। मजदूरों की सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच में लगी है, फैक्ट्री प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस को देना उचित नहीं समझा था।
उन्नाव के इंडाग्रो स्लाटर हाउस, दही चौकी में आज गुटखा अंदर ले जाने को लेकर सिक्योरिटी गार्ड के साथ मजदूरों ने मारपीट की। इसके बाद गार्ड बड़ी संख्या में आ गए। दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसके बाद यह मारपीट खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान दोनों गुटों ने चाकू, सरिया, लाठी-डंडों से एक दूसरे पर हमला कर दिया। इस संघर्ष में 20 मजदूर और 15 गार्ड लहूलुहान हो गए। इनमें से कुछ ने निजी अस्पताल तो कुछ ने जिला अस्पताल में इलाज कराया। मजदूरों की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है।
घायल मजदूरों में सदर कोतवाली के दारोगाबाग निवासी समीर पुत्र मुनीर ने बताया कि सुबह हसन नाम का मजदूर साथी जीरुल निवासी जिला मालदा, पंश्चिम बंगाल के साथ गुटखा का पाउच लेकर अंदर जा रहा रहा था। इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने रोका और पाउच जब्त करने लगे। मजदूर ने पाउच बाहर रखने की बात कही तो विवाद हो गया। गार्ड ने अपने साथियों को बुलाकर मजदूरों पर लाठी, डंडे सरिया, बंदूक की बट से हमला बोल दिया। शोर मचने पर भीतर स्लाटरिंग कर रहे मजदूरों को साथियों पर हमला होने की जानकारी हुई तो वह भी लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े। दोनों पक्षों से जमकर संघर्ष हुआ। इस दौरान कुछ मजदूरों को कमरे में बंद कर बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया।
घायल मजदूर
हसन, जीरुल, समीर, साहिल, सुबराती, यासीन, जाहिद, सुनील, पप्पू, सिराज समेत 20 अन्य। इस हमले में घायल सिक्योरिटी गार्ड लखनऊ भेज दिए गए।