भक्तों की लगी कतारें, दिनभर चला मातारानी का गुणगान
शारदीय नवरात्र के सातवें दिन श्रद्धालुओं ने मंदिरों में किया मां कालरात्रि का दर्शन और पूजन।
सुलतानपुर : शुक्रवार को दिनभर देवी मंदिरों में मां के सप्तम स्वरूप कालरात्रि की पूजा-अर्चना की गई। जयकारा लगाकर श्रद्धालुओं ने मां अम्बे को नारियल और चुनरी चढ़ाकर उनके कृपा की कामना की। मंदिरों में शारीरिक दूरी का पालन भी सुनिश्चित किया गया था। जबकि सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और दिनभर घंटा-घड़ियाल की आवाज से वातावरण गुंजायमान रहा।
पल्टन बाजार स्थित काली मंदिर, मुरारीदास गली मां दुर्गा मंदिर, रुद्रनगर स्थित नैना माता मंदिर, सीताकुंड स्थित मां दुर्गा मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में सुबह से रात तक मां के दर्शन को श्रद्धालु उमड़ते रहे। देवी मंदिरों में दुर्गा चालीसा के पाठ के साथ भजन गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने धूप, दही, घी, कपूर, फूल, फल, चुनरी, सिंदूर, काजल, अगरबत्ती, पंचमेवा व पान आदि के साथ विधि-विधान से मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना की।
लोहरामऊ देवी धाम पर उमड़ा भक्तों का सैलाब : प्रतिदिन सिद्धपीठ लोहरामऊ देवी धाम पर भक्तों की भीड़ बढ़ रही है। शुक्रवार को सातवें दिन मां कालरात्रि के पूजन को श्रद्धालु सुबह से ही आने लगे। परिसर में मुंडन संस्कार व अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला भी चलता रहा। वहीं, मेले में भी श्रद्धालुओं ने अपनी पसंद की खरीदारी की।
दर्शन देंगी मां भगवती : नगर के विभिन्न स्थानों पर सजे मां के विभिन्न स्वरूपों के दर्शन अब श्रद्धालु कर सकेंगे। शुक्रवार दोपहर मां का भोग लगाने के बाद दर्शन के लिए स्थापना स्थलों को खोल दिया गया। चौक क्षेत्र हो शाहगंज में देवी मूर्ति का दर्शन पूर्णिमा तक श्रद्धालु कर सकेंगे।