दिन भर हुई रिमझिम बारिश मौसम हुआ सुहावना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह अरब सागर में उठे चक्रवात का असर है।
सुलतानपुर: बीते दो दिनों से धूप और बदली के बीच चल रही आंख मिचौली के बीच गुरुवार को सुबह से है बूंदाबांदी की शुरुआत हो गई। दिन भर हल्की फुहारों के साथ मौसम का सुहावना हो गया। लोगों को उमस और गर्मी से निजात मिली। मौसम की अनिश्चितता के बीच हुई रिमझिम फुहार से जायद की दलहनी और सब्जी की फसलों को फायदा हुआ है। इस हल्की बूंदाबांदी से धान की नर्सरी डालने वाले किसानों को भी मदद मिली है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय अयोध्या के मौसम विभाग के मुताबिक मौसम का बदलाव मानसून सत्र का नहीं है। अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान के चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आगामी दो दिन तक बदली छाई रहेगी। कहीं कहीं हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। तापमान में गिरावट आई है अधिकतम तापमान 30 व व न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।