ग्लू लगाकर एटीएम कार्ड बदला और खाते से 40 हजार गायब, शोरूम से खरीद डाले जूते-कपड़े
पंचरास्ते स्थित एटीएम बूथ पर एक व्यवसायी के एटीएम कार्ड को ग्लू लगाकर फंसाया गया और जालसाजों ने 40 हजार रुपये निकाल लिए।

HighLights
पंचरास्ते एटीएम बूथ पर व्यवसायी के साथ धोखाधड़ी हुई।
जालसाजों ने ग्लू लगाकर एटीएम कार्ड बदल 40 हजार निकाले।
शोरूम से जूते-कपड़े खरीदे, सीसीटीवी में दिखे आरोपी।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। पंचरास्ते पर स्थित एटीएम बूथ से जालसाजों ने एक व्यवसायी को झांसे में लिया। उनका एटीएम कार्ड बदलकर 40 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद शहर के ही एक शोरूम से आनलाइन खरीदारी कर डाली। मैसेज आने पर पीड़ित को जानकारी हुई। पीड़ित ने नगर कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
दोस्तपुर के अलहबदादपुर निवासी सुजीत अग्रहरि ने बताया कि 19 अगस्त की शाम पंचरास्ते पर स्थित एटीएम बूथ पर वह रुपये निकालने गए थे। उन्होंने कार्ड मशीन में लगाया तो वह चिपक गया। प्रयास करने पर कार्ड बाहर नहीं आया। इसी बीच पास मौजूद एक युवक आया और उसने तीन बार पिन डालने को कहा।
पीड़ित ने पिन डाला तो जालसाज ने देख लिया। कार्ड नहीं निकला तो युवक ने एक नंबर बताते हुए काल करने को कहा। पीड़ित ने काल की तो सामने वाले ने खुद को बैंक का गार्ड बताया और कहा कि मुझे लेने बस स्टैंड आ जाओ। पीड़ित बातों में आकर बस स्टैंड पहुंच गया।
बस स्टैंड के पास से उसी नंबर पर फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। परेशान होकर वह वापस एटीएम बूथ पहुंचा तो एक अन्य कार्ड मशीन में फंसा था और पीड़ित का कार्ड गायब था। कुछ देर बाद मोबाइल पर दस-दस हजार रुपये चार बार में निकलने का मैसेज आया। चार हजार रुपये के एक अन्य लेनदेन का भी मैसेज आया।
सुजीत का कहना है कि जालसाजों ने पहले मशीन के कार्ड होल्डर में ग्लू लगा दिया था, जिससे कार्ड चिपक गया। पीड़ित ने 112 नंबर पर घटना की सूचना दी। साथ ही नगर कोतवाली में एप्लिकेशन दिया। आरोप है कि सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। नगर कोतवाली प्रभारी सुरेश नारायण मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
सीसी कैमरे में दिखे आरोपित
पीड़ित सुजीत ने अपने स्तर से जानकारी की तो पता चला की तीन जालसाजों ने शहर के ही एक शोरूम से चार हजार रुपये में जूते और कपड़े की खरीदारी भी कर डाली। खरीदारी करते तीनों शोरूम के सीसी कैमरे भी दिखे हैं।
