विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुलतानपुर: बिना पदोन्नति बाबू ने बढ़ा दिया अपर जिला पंचायतराज अधिकारी का ग्रेड पे, 27.13 लाख की होगी वसूली

Published: Tue, 29 Sep 2026 12:34 PM (IST)

सुलतानपुर में अपर जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार यादव से गलत ग्रेड पे निर्धारण के कारण 27.13 लाख रुपये की वसूली का आदेश दिया गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मनोज कुमार यादव से 27.13 लाख रुपये की वसूली होगी।

  2. गलत ग्रेड पे निर्धारण के कारण वेतन विसंगति हुई।

  3. निदेशालय ने पूरे प्रदेश में जांच शुरू कराई।

प्रदीप शर्मा, सुलतानपुर। शासन के निर्देश पर वित्त विभाग ग्रेड पे बढ़ाने की कार्यवाही करता है, लेकिन जिले में कर्मचारी ही अधिकारियों का ग्रेड पे बढ़ाकर वेतन बना देते हैं।

मामला निदेशालय पहुंचा तो वेतन की विसंगति और अब तक दिए गए 27.13 लाख रुपये की वापसी के आदेश हुए हैं। इसको लेकर निदेशक ने पूरे प्रदेश में जांच शुरू करा दी है।

वेतन निर्धारण में हुई त्रुटि के कारण अपर जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार यादव से 27 लाख 13 हजार 772 रुपये की वसूली होगी। पंचायतीराज निदेशालय ने उनके वेतन निर्धारण में संशोधन के बाद अधिक भुगतान की यह राशि निर्धारित की है।

रकम की वसूली 60 किश्तों में किए जाने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, वसूली की कार्रवाई से पहले संबंधित अधिकारी से नियमानुसार सहमति पत्र लेने और उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर देने को कहा गया है।

निदेशक पंचायतीराज अमित कुमार सिंह ने 21 सितंबर 2026 को जिला पंचायत राज अधिकारी को पत्र भेजकर पूरे मामले में निर्धारित प्रक्रिया का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि मनोज कुमार यादव के वेतन निर्धारण में संशोधन कर 27,13,772 रुपये की वसूली की जाए।

वसूली से पहले व्यक्तिगत सुनवाई

मामले में निदेशालय ने सिर्फ सहमति पत्र लेने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी है। डीपीआरओ को संबंधित अधिकारी को वसूली के संबंध में अलग से नोटिस जारी करने और व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर देने के निर्देश भी दिए गए हैं। यानी वसूली की कार्रवाई से पहले संबंधित अधिकारी का पक्ष भी दर्ज किया जाएगा।

एक सप्ताह में निदेशालय को देनी होगी रिपोर्ट

निदेशक ने डीपीआरओ को निर्देशित किया है कि शासनादेश के अनुरूप पूरी कार्रवाई कराने के बाद इसकी सूचना निदेशालय को उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए एक सप्ताह की समय सीमा निर्धारित की गई है। अब जिला स्तर पर नोटिस जारी करने, सहमति पत्र लेने और व्यक्तिगत सुनवाई की प्रक्रिया पूरी कर उसकी रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जाएगी।

यह भी पढ़ें- शिक्षक संघ चुनाव या राजनीतिक रंजिश? सुलतानपुर डबल मर्डर के पीछे की अनसुलझी कहानी

पहले सहायक विकास अधिकारी पंचायत थे मनोज

मनोज कुमार यादव वर्तमान में सुलतानपुर में अपर जिला पंचायत राज अधिकारी के पद पर तैनात हैं। जिस वेतन निर्धारण को लेकर 27.13 लाख रुपये की वसूली निर्धारित हुई है, उस समय वह सहायक विकास अधिकारी पंचायत के पद पर कार्यरत थे। बाद में वे अपर जिला पंचायत राज अधिकारी के पद पर पहुंचे।

निदेशालय के स्तर से पत्र आया है, जिसमें बताया गया है कि इन्होंने त्रुटिपूर्ण वेतनमान का लाभ लिया है। जांच कराकर वसूली की जाएगी।2010 में इनका ग्रेड पे 4200 की जगह 4600 और 2012 में इसे बढ़ाकर 5400 किया गया था।

-अभिषेक शुक्ला, जिला पंचायत राज अधिकारी