जमीन के विवाद में चली गोली, आठ लोग जख्मी
सात आरोपित गिरफ्तार गांव में पुलिस बल को किया गया तैनात।
सुलतानपुर : मेवपुर बरचौली गांव में जमीन के विवाद में अवर अभियंता व उसके परिवार के लोगों द्वारा गोली चलाए जाने से सात लोग जख्मी हो गए। गोली लगने से दूसरे पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल हुआ है। इन सभी को सीएचसी से जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। हालत गंभीर होने पर एक व्यक्ति को लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायलों में एक महिला भी शामिल है। बहरहाल, गोलीकांड का वीडियो वायरल हो रहा है।
भूमि संरक्षण विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत जितेंद्र प्रताप सिंह व विनोद कुमार सिंह के बीच रास्ते को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों ही परिवार के ज्यादातर लोग बाहर रहते हैं। पंचायत चुनाव में सभी परिवार सहित घर आए थे। बुधवार को जमीन को लेकर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान दोनों तरफ से पथराव भी होने लगा। मौके पर जितेंद्र सिंह, विपिन, अमित, धीरेंद्र, संतोष, सुमित कुमार, सचिन सिंह पहुंच गए और फायरिग शुरू कर दी।
गोली लगने से राजन सिंह, राजेश, सत्यम सिंह, साधना, हर्ष, संजय मिश्रा, रोहित सिंह घायल हो गए। राजन सिंह के पेट में गोली लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटनास्थल से डेढ़ किमी दूर दूसरे पक्ष के भूपेंद्र सिंह के जांघ में गोली लगी है, जिसके कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सातों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके पास से एक लाइसेंसी 315 बोर की रायफल, एक अवैध रायफल, खोखा व कारतूस भी बरामद किया गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
नहीं जमा कराए लाइसेंसी असलहे :
पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराए जाने को लेकर शासन के निर्देश पर लाइसेंसी असलहों को जमा कराया जाता है। सभी थानाध्यक्षों को असलहों को जमा कराए जाने को लेकर का पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र की तरफ से लिस्ट भी सौंपी गई थी। चुनाव के आखिरी दिन तक सभी असलहे जमा नहीं कराए जा सके । गोलीकांड में बीट सिपाही व दारोगा द्वारा आरोपितों के पास मौजूद असलहों को न जमा कराए जाने को लेकर सवालिया निशान खड़ा हो गया है।