सुलतानपुर : जिले में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पुलिस-प्रशासन द्वारा शारीरिक दूरी व मास्क लगाने के साथ ही कोविड बचाव की गाइडलाइन के अनुपालन की अपील की जा रही है। बावजूद इसके संक्रमण की रोकथाम के प्रति लोग गंभीर नहीं हैं। निषेधाज्ञा लागू होने के बाद भी कोविड प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

कोरोना की दूसरी लहर की चपेट में आने से अब तक दो हजार से अधिक लोग पॉजिटिव आ चुके हैं। वहीं, मंगलवार को भी रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाकर स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों की एंटीजन जांच की।

चेहरे से मास्क गायब, हर तरफ मनमानी :

महामारी की भयावहता को जानते हुए भी दुकानों व बाजारों में सावधानी नहीं बरती जा रही है। लोगों द्वारा मास्क लगाकर चलने में गुरेज किया जाता है। अधिकतर लोग पुलिस के डर से दिखावे के लिए मास्क लगाते हैं। शारीरिक दूरी का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। दुकानों-प्रतिष्ठानों के सामने हाथ धोने व विसंक्रमित होने के लिए रखा जाने वाला साबुन व सैनिटाइजर भी अब नहीं दिखाई देता है।

गांवों में भी लापरवाही :

कोरोना पर चुनावी चकल्लस भारी है। चाय, पान की दुकान के साथ बाजारों में लोग बेफिक्री बरत रहे हैं और पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों की जीत-हार पर चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस स्तर पर भी कोविड गाइड लाइन का अनुपालन नहीं करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डीके त्रिपाठी ने बताया कि एक सप्ताह से औसतन तीन सौ मरीज हर दिन पॉजिटिव मिल रहे हैं, जिससे स्थितियां अनियंत्रित हो रही हैं। मास्क जरूर लगाना चाहिए। शारीरिक दूरी को नजरअंदाज करना भी घातक हो सकता है।

Indian T20 League

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

kumbh-mela-2021