बूंदाबांदी के बाद हुई उमस से परेशान हुए लोग
-किसानों को तेज बरसात का इंतजार
सुलतानपुर : बारिश का सिलसिला थमने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को दिन भर आसमान में छाए बादलों के बीच हुई बूंदाबांदी ने उमस को बढ़ा दिया। गर्मी में लोग पसीना-पसीना नजर आए। मौसम का यह सिलसिला बीते दो दिनों से चल रहा है। धान की फसल के लिए अब किसानों को तेज बारिश की दरकार है।
बीते कई दिनों से आसमान में बादल जरूर छाए हुए हैं, लेकिन तेज बारिश नहीं हो रही है। यही हाल गुरुवार को भी रहा। सुबह आसमान में बादल छाए रहे और आठ बजे के करीब बूंदाबादी हुई। इसके बाद आसमान साफ हो गया। सुबह 11 बजे के करीब तेज धूप खिल गई। धूप खिलने के बाद उमस का प्रकोप बढ़ गया। वहीं शाम करीब चार बजे के पुन: बादल छा गए और कुछ स्थानों पर बरसात हुई। इसके बाद धूप-छांव का खेल होता रहा। उधर, बारिश के अभाव में सूखे की कगार पर पहुंची फसलों को देख अब किसानों को भी अच्छी बारिश की दरकार बनी है। ऐसे में जल्द ही अच्छी बारिश नहीं होने पर उनकी परेशानी बढ़ सकती है। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 34 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटे मे तेज बारिश का की संभावना है।