एक लाख से अधिक श्रमिकों को मिला रोजगार
1495 व्यक्तियों को 24 करोड़ 78 लाख का लोन
सुलतानपुर : प्रशासन ने आए प्रवासियों को वृहद स्तर पर रोजगार से जोड़ने का दावा किया है। जिसके अंतर्गत स्वरोजगार के लिए लोन मनरेगा के जरिए श्रमिकों को काम और कुशल कामगारों को भी विभिन्न क्षेत्रों में नियोजित करने के प्रयास तेज कर दिए जाएंगे। अब तक एक लाख से अधिक श्रमिक लभान्वित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी सी इंदुमति के मुताबिक वर्मी कंपोस्ट, आंगनबाड़ी सेंट्रल निर्माण, सामुदायिक शौचालय, जलजीवन मिशन, हाइवे, पौधरोपण, बागवानी, लघु उद्योग, आवास आदि के जरिए 25 हजार से अधिक प्रवासियों को काम दिलाया जा चुका है। अधिकतर को कृषि विज्ञान केंद्र, कौशल विकास आदि के माध्यम से प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा गया। अब तक लघु सूक्ष्म मध्यम उद्योग के तहत 1495 व्यक्तियों को 24 करोड़ 78 लाख का ऋण वितरित किया गया है। इसके जरिए चार हजार से अधिक व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। जिसमें से पांच सौ के करीब प्रवासी हैं। स्वयं सहायता समूह के जरिए 377 प्रवासी परिवारों को रोजगार सुलभ हुआ है। मनरेगा के जरिए न्यूनतम 125 दिन का कार्य श्रमिकों को मुहैया कराया गया है। अब तक 1 लाख 2 हजार 536 श्रमिकों को श्रम से जोड़ा गया है। इसमें 16 हजार से अधिक प्रवासी कामगार हैं। मनरेगा के तहत 18 करोड़ 19 हजार 417 मानव दिवस सृजन कर 36 करोड़ 36 लाख पारिश्रमिक लोगों को उपलब्ध कराया गया। इसमें 95 हजार 907 मानव दिवस सृजित कर 1 करोड़ 93 लाख रुपये का अर्जन प्रवासियों द्वारा किया गया।