सुल्तानपुर में लड़की के साथ हुई छेड़खानी मामले में विवाद के बाद किशोर की हत्या, पुलिस बल तैनात
सुल्तानपुर 29 जून को हुई थी छेड़खानी पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई। शिकायत से नाराज आरोपित पक्ष ने किया देर रात पीड़िता के घर में घुस कर हमला जवाब में आरोपित पक्ष के किशोर की मौत।
By Divyansh RastogiEdited By: Published: Tue, 28 Jul 2020 12:04 PM (IST)Updated: Tue, 28 Jul 2020 12:04 PM (IST)
सुल्तानपुर, जेएनएन। छेड़खानी मामले में पुलिस की लचर कार्रवाई से उपजे विवाद में 14 वर्षीय किशोर की ईंट-पत्थर से मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद जागी पुलिस ने गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ये है पूरा मामला
मामला बल्दीराय थाना इलाके के चक शिवपुर का है। बताया जा रहा है कि 29 जून को गांव की ही एक लड़की के साथ गांव के ही मोनू यादव ने छेड़खानी की थी। विरोध करने पहुंचे पीड़िता के भाई के साथ मारपीट की गई थी। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम आरोपित की बाइक लेकर थाने चली गई। अगले दिन पीड़िता के भाई ज्ञानचंद्र ने थाने में लिखित तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
24 जुलाई को एक बार फिर दोनों गुटों में मारपीट हो गई। इसके बाद भी पुलिस गंभीर कदम उठाने की जगह किसी बड़े वारदात का इंतजार करती रही। सोमवार को भी पीड़िता व उसके परिवारजन थाने में कार्रवाई के लिए बैठे रहे। इस बात की जानकारी जब विरोधियों को हुई तो वे सबक सिखाने के लिए रास्ते में घात लगाकर बैठ गए। पीड़िता के परिवारजन दूसरे रास्ते से घर पहुंचे। इसी दौरान पारा बाजार से दुकान से लौट रहे लड़की पक्ष के संजय की घात लगाए लोगों ने पिटाई कर दी। इसके बाद देर रात लड़की पक्ष के घर की ओर चल पड़े। लड़की पक्ष के लोग भी सामने आ गए और पथरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान एक ईंट का टुकड़ा लगने से आरोपित पक्ष के राममूरत उर्फ बब्बू पुत्र सूर्यभान यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। मरणासन्न हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर किया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
क्या कहती है पुलिस ?
सीओ विजयमल यादव ने बताया कि बच्चों को लेकर विवाद हुआ था। मामले की छानबीन की जा रही है। शांति व्यवस्था के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। अभी मृतक पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी। दूसरे पक्ष के आरोपों की जांच की जाएगी।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें