पति की लंबी उम्र की कामना के लिए महिलाओं ने रखा निर्जल व्रत
महिलाओं ने लोक मान्यता के अनुसार श्रृंगार किए। हाथों में मेंहदी रचाई और लोकगीत गाए गए।
घरों में गूंजे महादेव के जयकारे
सुलतानपुर : पति की दीर्घायु व कजरी तीज के पर्व पर महिलाओं ने निर्जल व्रत रखा। सुबह से ही घरों से हर-हर महादेव के जयकारे के साथ भगवती पार्वती की पूजा-अर्चना शुरू हो गई। कोरोना संक्रमण के चलते दिनभर घरों में ही पूजन-अनुष्ठान चलते रहे। विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार हरितालिका तीज (कजरी तीज) पर विशेष पूजन-अनुष्ठान के आयोजन घर-घर में सुबह से ही शुरू हो गए। महिलाओं ने शिव-पार्वती का पूजन-अर्चन कर अखंड सौभाग्य एवं पति के लंबी आयु की कामना की। महिलाओं ने लोक मान्यता के अनुसार श्रृंगार किए। हाथों में मेंहदी रचाई और लोकगीत गाए गए। देर शाम महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर भगवान शिव व माता गौरा, गणपति का एक साथ पूजन किया। मिट्टी की मूर्तियों में शिव परिवार को साकार करके उनका पूजन करके उसी तरह अपने दांपत्य में सुख व आनंद की कामना की गई। अंत में तीज मइया से पति की लंबी उम्र की कामना महिलाओं ने की।
बाजारों में रही भीड़ : पर्व के मद्देनजर शुक्रवार को दिन भर बाजारों में चहल-पहल रही। महिलाओं ने जहां व्रत संबंधी खरीदारी की और मेंहदी रचवाई तो वहीं रवायत के मुताबिक लोगों ने अपनी पत्नियों को गिफ्ट देने के लिए जमकर खरीदारी की।