कोहरे ने थामी वाहनों की रफ्तार, सर्द हवाओं ने झकझोरा
दो दिनों से चल रही बर्फीली हवाएं व शीतलहर अब सितम बनती जा रही है। ठंड के चलते जहां शाम होते ही लोग घरों में दुबक जा रहे हैं वही रात में छाया घना कोहरा वाहनों की रफ्तार रोक दिया। दोपहर बाद निकली धूप भी राहत नही दे पाई। बचाव के लिए लोग दिनभर अलाव तापते नजर आए।
सुलतानपुर : दो दिनों से चल रही बर्फीली हवाएं व शीतलहर अब सितम बनती जा रही है। ठंड के चलते जहां शाम होते ही लोग घरों में दुबक जा रहे हैं वही रात में छाया घना कोहरा वाहनों की रफ्तार रोक दिया। दोपहर बाद निकली धूप भी राहत नही दे पाई। बचाव के लिए लोग दिनभर अलाव तापते नजर आए।
शुक्रवार की देर शाम से ही कोहरा इतना घना हो गया कि हाइवे पर वाहन रेंगते नजर आए शनिवार को सुबह से दोपहर तक धुंध के साथ कोहरा छाया रहा, जिससे लोग बहुत जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। दिनभर सड़कों पर आवागमन करने वाले राहगीर गर्म कपड़ों में ही लिपटे नजर आए। इसके अलावा इस ठंड से पशुपालक भी काफी परेशान हैं। कृषि विज्ञानी डॉ. आरआर सिंह का कहना है कि ऐसे मौसम से गेहूं की फसल को फायदा पहुंच रहा है। बाकी फसलों के लिए धूप न होने से नुकसान की आशंका है फूल वाली फसले प्रभावित हो सकती हैं।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. एएन मिश्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे रविवार व सोमवार को बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। जिले का अधिकतम तापमान 17.5 और न्यूनतम 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्म हुआ ऊनी कपड़ों का बाजार :
मौसम भले ही सर्द है पर ऊनी कपड़ों का बाजार गर्म है। देर से शुरू हुई ठंड ने दुकानदारों का निराश जरूर किया पर इन दिनों बढ़ी ठंड से शहर के चौक, गंदानाला,पारकींसगंज मुहल्लों के शोरूम में गर्म कपड़ों के खरीदारों की भीड़ दिख रही है। इसके अलावा फुटपाथ पर सजी कपड़ों की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है।