किसानों की समस्याओं पर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन
कलेक्ट्रेटपहुंचकर प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
सुलतानपुर : किसान समस्याओं को लेकर कांग्रेसियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सरकार विरोधी नारे लगाए और समस्याओं के निराकरण की मांग की। इसके उपरांत कांग्रेसियों ने एसडीएम सदर को राज्यपाल को प्रेषित ज्ञापन सौंपा।
जिला उपाध्यक्ष द्वय विनोद राना एवं तेज बहादुर पाठक के नेतृत्व में धरने का आयोजन किया गया। पदाधिकारियों ने सौंपे ज्ञापन में कहा कि धनपतगंज ब्लॉक मुख्यालय व मोतिगरपुर ब्लॉक के पारसपट्टी में तत्काल धान क्रय केंद्र खोला जाए। क्रय केंद्रों पर किसानों के साथ मनमानी की जा रही है। धान की बालियों को गंदा व खराब बताकर वापस कर दिया जा रहा है। वहीं गन्ना किसानों का बकाया भुगतान तत्काल किया जाए। निजी नलकूपों के लिए बढ़ाई गई बिजली दरों का वापस लिया जाए। बीते डेढ़ वर्षों से मुख्यमंत्री किसान एवं सर्वहित बीमा योजना के तहत बैंक द्वारा धांधली की जा रही है। जिला महिला अध्यक्ष उर्मिला उपाध्याय व वरिष्ठ पदाधिकारी किरन राना ने कहा कि महिलाओं के ऊपर अत्याचार बढ़ रहे हैं, लेकिन इस पर सरकार अंकुश नहीं लगा पा रही है। इस मौके पर सिराज अहमद, राजेश पाठक, अब्दुल कलाम, रमेश अग्रहरि, रेनू श्रीवास्तव, ज्ञानमती, सीतापती आदि मौजूद रहे। एसएफआइ ने किया पैदल मार्च :
प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह की अगुआई में तिकोनिया पार्क में कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। पैदल मार्च करते हुए डीएम कार्यालय पहुंच प्रशासनिक अधिकारी को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। नोमान खान, अभिषेक कुमार, राजीव तिवारी, पियूष वर्मा, पार्थ सारथी, मो. सफीक, शनिउल हसनैन, सुनील धुरिया, राहुल कुमार, जिशान खान आदि मौजूद रहे।