कर्तव्य एवं सत्यनिष्ठा पर चलने का रास्ता दिखाता है संविधान : जिला जज
विधिक सेवा प्राधिकरण के सुलह-समझौता केंद्र में सचिव सतीश कुमार मगन की अध्यक्षता में न्याय बंधु एप के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी से बचने के सारे एहतियात बरते जाएं।
सुलतानपुर : संविधान ही हमें न्याय, कर्तव्य एवं सत्यनिष्ठा पर चलने का रास्ता दिखाता है। हम भी को संविधान में प्रदत्त अधिकारों एवं कर्तव्यों को आत्मसार करना चाहिए। यह बातें जिला जज संतोष राय ने गुरुवार को दीवानी परिसर में आयोजित संविधान दिवस पर समस्त न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए कही। इसके उपरांत विधिक सेवा प्राधिकरण के सुलह-समझौता केंद्र में सचिव सतीश कुमार मगन की अध्यक्षता में न्याय बंधु एप के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी से बचने के सारे एहतियात बरते जाएं। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय के जज उत्कर्ष चतुर्वेदी व मोटर दुर्घटना न्यायालय के जज राकेश कुमार त्रिपाठी ने अपने-अपने सहयोगियों को शपथ दिलाई। वहीं अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष नागेंद्र सिंह तथा महामंत्री राकेश श्रीवास्तव ने दिवस पर कहा कि हम लोग संविधान प्रदत्त अधिकारों एवं कर्तव्यों का अक्षरश: पालन करें और पीड़ितों को न्याय दिलाने में अहम भूमिका अदा करें। सदर तहसील में उप जिलाधिकारी रामजी के निर्देशन में दिवस मनाया गया। उन्होंने कहा कि संविधान को बनाने में प्रारूप समिति के अध्यक्ष भीमराव आंबेडकर का सबसे अहम योगदान रहा। संविधान के बदौलत भारत विश्व के पटल पर अपने आप को स्थापित किया है। न्यायिक तहसीलदार साहब जितेंद्र गौतम संविधान पर विस्तृत चर्चा पर चर्चा की। शिक्षक रमेश चंद्र द्वारा उप जिलाधिकारी को भारतीय संविधान की प्रति भी भेंट की गई। इस मौके पर कर्मचारी उपस्थित रहे। जयसिंहपुर संसू के अनुसार, पीढ़ी ग्राम पंचायत के दरशु के पुरवा में जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। दोस्तपुर संसू के अनुसार, थाना परिसर में थानाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप रावत ने संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की उद्देशिका को पढ़ कर कर्मियों को शपथ दिलाई।