सड़क पर उतरे कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
तेल के दाम में बढ़ोतरी और मंहगाई के विरोध में नारेबाजी
सुलतानपुर: तेल के दाम में वृद्धि व मंहगाई के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी कार्यालय से प्रदर्शनकारियों का समूह निकलकर लालडिग्गी चौराहा, डाकखाना, तिकोनिया पार्क, बस स्टेशन, गोलाघाट चौराहा, दीवानी होते हुए पंत स्टेडियम के रास्ते पार्टी दफ्तर पहुंचा।
लोग बढ़े मूल्य को वापस लेने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि जहां कोरोना के चलते लोगों का रोजगार छिन गया है, वहीं सरकार के इस फैसले से जनता पर भारी दबाव है। इस दौरान जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब डीजल का दाम पेट्रोल के मूल्य से ज्यादा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम होने के बावजूद देश में इसके मूल्य में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। कोरोना महामारी के दौरान भी भ्रष्टाचार थम नहीं रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष मकसूद आलम ने कहा कि जिन मुद्दों के सहारे भाजपा सत्ता में आई आज उन्हीं को भूल गई है। प्रदर्शन में सुब्रत सिंह सनी, मानस तिवारी, अरुण मिश्रा, नफीस फारुकी, रंजीत सिंह सलूजा, कंचन सिंह, नफीसा खातून, धर्मराज मिश्र, नौशाद हुसैन, अमरजीत यादव आदि शामिल रहे।