पराली खरीद की धीमी प्रक्रिया पर सख्त हुए सीडीओ
अधिकारियों की कार्यशैली ठीक नहीं है। उन्हें इसमें बदलाव लाना चाहिए। शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करेंगे तो बेहतर होगा।
सुलतानपुर : पराली खरीद की धीमी प्रक्रिया पर सीडीओ अतुल वत्स ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को विकास भवन में ब्लॉक व जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि शासन से 420 क्विंटल पराली खरीदने का लक्ष्य दिया गया है, लेकिन इसके सापेक्ष सिर्फ 102 क्विंटल का ही क्रय किया जा सका है। अधिकारियों की कार्यशैली ठीक नहीं है। उन्हें इसमें बदलाव लाना चाहिए। शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करेंगे तो बेहतर होगा। सीडीओ के मुताबिक अभी पराली किसानों से मुफ्त में मिल रही है। ऐसे में थोड़ा सा पैसा उन्हें भुगतान कर बड़ी मात्रा में फसल के अवशेष को खरीदा जा सकता है। साथ ही खेतों में पराली को जलाने से रोका जा सकता है। इससे पर्यावरण को लाभ तो होगा ही साथ ही गोशालाओं में संरक्षण पा रहे मवेशियों को भी चारा उपलब्ध हो जाएगा। यह समय गुजर जाने के बाद जब गोशाला के संचालक भूसा खरीदने के लिए निकलेंगे तो वह महंगे दर पर मिलेगा, जो किसी-किसी आश्रय स्थल के लिए कठिन हो सकता है, लिहाजा लक्ष्य को पूरा करने के लिए विकास खंड के अधिकारी गंभीरता दिखाएं।