मेले में नहीं दिखे कृषि उपकरण, मिली सिर्फ जानकारी
किसान कल्याण मिशन के तहत भदैंया मोतिगपुर और करौदीकलां ब्लाकों में मेले आयोजन हुआ। प्रचार-प्रसार के अभाव में ज्यादातर किसान नहीं पहुंच सके।
सुलतानपुर : किसान कल्याण मिशन के तहत जिले के तीन ब्लाकों में गुरुवार को किसान मेले का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कृषि उपकरणों की कमी के चलते किसान सिर्फ जानकारी तक ही सीमित रह गए। वहीं, प्रचार-प्रसार के अभाव में किसानों की संख्या भी काफी कम रही। ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बुलाकर भीड़ जमा की गई।
भदैंया विकास खंड में सुबह दस बजे से गोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेले की जानकारी गांवों तक नहीं पहुंचने से दोपहर बारह बजे तक किसान नहीं पहुंचे थे और विभागों के स्टाल सज रहे थे। उप कृषि निदेशक अकेले माइक संभाल खाली कुर्सियों को संबोधित करने में जुटे रहे। दोपहर बाद करीब एक बजे मेले में मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स पहुंचे तब तक आंगनबाड़ी विभाग, औद्यानिक मिशन, कृषि विभाग, वन विभाग, सहित अन्य विभागों के स्टाल सज चुके थे। प्रदर्शनी के नाम पर कोई कृषि उपकरण मेले में नहीं दिखा। मुख्य विकास अधिकारी के आने पर दो ट्रैक्टर मंगाकर इसकी खानापूर्ति की गई।
मोतिगपुर विकास खंड परिसर में बड़ौदा यूपी बैंक, लघु सिचाई विभाग, उद्यान विभाग व कृषि सहित आदि विभिन्न विभागों के स्टाल लगाकर कृषि योजनाओं की जानकारी दी। इससे पूर्व मेले का उद्घाटन खंड विकास अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह, भाजपा नेता अंकित मिश्र व कपिलदेव सिंह ने संयुक्त रूप से किया। बीडीओ ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं पर प्रकाश डाला। यहां रेशम, मत्स्य, मृदा परीक्षण, कृषि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बेसिक शिक्षा, बाल विकास, मिशन शक्ति विभाग सहित अन्य प्रदर्शनी लगाई। कार्यक्रम में प्रभारी कृषि रमाकांत यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. आरके विश्वास, पशु चिकित्साधिकारी रामआसरे चौधरी, मनीष सिंह व कमलेश आदि उपस्थित रहे।
करौदीकलां ब्लाक मुख्यालय पर मेले में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने दोना-पत्तल, ज्ञान एग्री जंक्शन, पशुधन विभाग, उद्यान विभाग, गन्ना विकास आदि के स्टाल मेले में लगाए गए। खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश द्विवेदी, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसपी मिश्रा ने स्टालों का अवलोकन किया। पशुचिकित्साधिकारी अजीत आर्य व अरुण कुमार सिंह ने गोष्ठी में किसानों को उपयोगी जानकारी दी।