सोनभद्र में प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी युवती, साढ़े तीन घंटे बाद उतरी
सोनभद्र के अनपरा में एक युवती प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ गई। पुलिस और परिजनों के ...और पढ़ें

अनपरा में प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती टावर पर चढ़ी, पुलिस ने साढ़े तीन घंटे में उतारा।
HighLights
युवती प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी।
पुलिस ने साढ़े तीन घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतारा।
अनपरा तापीय परियोजना के शॉपिंग सेंटर के पास घटना।
जागरण संवाददाता, अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित शापिंग सेंटर के समीप सोमवार की अपराह्न प्रेमी से शादी करने की जिद में एक युवती टावर पर चढ़ गई। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले प्रयास के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।
जानकारी के अनुसार बीना बस स्टैंड निवासी 19 वर्षीय युवती का रेणुसागर निवासी दूसरे समुदाय के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती उससे शादी करना चाहती है। बताया जाता है कि पिछले एक सप्ताह से वह शादी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। सोमवार की अपराह्न करीब 12 बजे युवती टावर पर चढ़ गई। इसकी सूचना मिलते ही अनपरा थाना प्रभारी राजेश चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने फोन पर युवती से बात कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया। उसकी मां और बहन के साथ गांव के प्रधान कमलेश सिंह ऊर्फ पप्पू सिंह को भी मौके पर बुलाया गया। नीचे से आवाज सुनाई नहीं देने पर लाउडस्पीकर के माध्यम से पुलिस और परिजन लगातार उससे नीचे उतरने की अपील करते रहे। लेकिन युवती प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी रही। काफी समझाने-बुझाने के बाद वह नीचे उतरी, जिसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। पुलिस युवती और उसके प्रेमी से बातचीत कर मामले को सुलझाने में जुटी रही।
