मौत से पहले लिखा - 'मां मेरा अंतिम समय है, तुम लोगों को कोई परेशान करे तो जहर खाकर मर जाना'
ओबरा डैम में 24 वर्षीय हिमांशु मिश्रा का शव पांच दिन बाद मिला, जिसने लापता होने से पहले मां को ...और पढ़ें

ओबरा डैम में मिला लापता युवक का शव, मौत से पहले मां को किया था रहस्यमय फोन।
HighLights
लापता हिमांशु मिश्रा का शव ओबरा डैम में मिला।
मृत्यु से पूर्व मां को अंतिम समय का फोन किया था।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता ओबरा (सोनभद्र)। मां मेरा अंतिम समय है, ओबरा डैम पर हूं। तुम लोगों को कोई परेशान करे तो जहर खाकर मर जाना। मोबाइल से अपनी मां से 25 सितंबर को बात करने के बाद फोन काट देने वाले युवक गोठानी गांव निवासी 24 वर्षीय हिमांशु मिश्रा का शव पांच दिन बाद गुरुवार की शाम ओबरा डैम में उतराया मिला।
वहां मछली मारने गए बच्चों ने पानी में उतराया शव देखा तो ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से निकलवाकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। बताया गया कि जुगैल थाना क्षेत्र के गोठानी गांव निवासी सुरेंद्र मिश्रा का पुत्र हिमांशु मिश्रा 25 सितंबर से घर से लापता था। उसने घर से निकलने के काफी देर बाद मां को आखिरी बार फोन किया था और अपना अंतिम समय बताया था।
उसके पिता ने उसी दिन पुत्र के लापता होने की तहरीर जुगैल थाना में दी थी। उसमें पिता ने पुत्र की आखिरी बार मां से की गई बात का उल्लेख किया है। जुगैल थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रताप वर्मा का कहना है कि गुमशुदगी की तहरीर के बाद से ही युवक की तलाश की जा रही थी। उधर स्वजन का आरोप है कि पिता ने तहरीर में कुछ लोगों का नाम दिया था।
आशंका जताई थी कि संबंधित लोग हिमांशु को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। स्वजन ने युवक के हत्या की आशंका जाहिर की है। उधर जुगैल थाना के प्रभारी उपनिरीक्षक अमित सिंह का कहना है कि स्वजन की ओर से दी गई तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि मौत का कारण क्या है।
