महिलाओं के स्वावलंबन के लिए मिलकर काम करने की जरूरत
स्थानीय नगर स्थित भारतीय इंटर कालेज परिसर में महिला कल्याण विभाग की ओर से मंगलवार को मिशन शक्ति के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। नारी सुरक्षा नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन पर विस्तृत प्रकाश डाला गया।
जागरण संवाददाता, घोरावल (सोनभद्र) : स्थानीय नगर स्थित भारतीय इंटर कालेज परिसर में महिला कल्याण विभाग की ओर से मंगलवार को मिशन शक्ति के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन पर विस्तृत प्रकाश डाला गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी डा. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन ने कहा कि बालिकाओं व महिलाओं के लिए एक सुरक्षात्मक परिवेश के सृजन की आवश्यकता है। बालिकाओं व महिलाओं को न सिर्फ सुरक्षा का एहसास हो बल्कि उनको सम्मानित किया जाए। महिलाओं को स्वावलंबन बनाने के लिए समाज को मिलकर काम करने की आवश्यकता है। महिला शक्ति केंद्र के महिला कल्याण अधिकारी नीतू यति ने कहा की बालिकाओं को न सिर्फ शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराया जाए, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर प्रदान किया जाए। महिला शक्ति केंद्र की जिला समंवयक साधना मिश्रा ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना व मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में विस्तार से बताया। महिला शक्ति केंद्र की जिला समंवयक सीमा द्विवेदी ने वन स्टाप सेंटर व महिला हिसा के बारे में विस्तार से बताया। जिला बाल संरक्षण इकाई से शेषमणि दुबे ने बालक बालकों की सुरक्षा के संबंध में विस्तार से बताया। इसमें विद्यालय के शिक्षक अशोक मिश्रा, संतोष तिवारी, नीलम राय आदि थे। अध्यक्षता भारतीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य गणेश देव पांडेय ने किया।