यौन उत्पीड़न के आरोपित कांग्रेस सांसद के खिलाफ सोनांचल में महिलाओं ने किया प्रदर्शन
सोनभद्र में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर ...और पढ़ें

यौन उत्पीड़न के आरोपों पर सोनभद्र में कांग्रेस सांसद के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन।
HighLights
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस सांसद के खिलाफ प्रदर्शन किया।
यौन उत्पीड़न के आरोपों पर निष्पक्ष जांच की मांग की।
सोनभद्र में पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। मणिपुर के कांग्रेस सांसद डा. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह के नेतृत्व में जुटीं महिला कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर आक्रोश जताया और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। वहीं, प्रदर्शन के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में क्षेत्रीय मंत्री पूजा पांडेय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान समाज की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। महिलाओं से जुड़े गंभीर मामलों में निष्पक्ष जांच कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में न्याय सुनिश्चित करने के लिए उचित कार्रवाई आवश्यक है। पुष्पा सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। किसी भी महिला के साथ अन्याय या उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस मौके पर ज्योति खरवार, मंजू गिरी, गुड़िया त्रिपाठी आदि रहे।
पुतला दहन के विरोध में कांग्रेसियों ने की नारेबाजी
भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी अपने कार्यालय पर मौजूद रहे। महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला दहन किए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। पुतला फूंकने के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी के बीच पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।
