सोनभद्र के प्राइवेट अस्पताल में पथरी के आपरेशन के बाद बिगड़ी महिला की हालत, मौत के बाद हंगामा
सोनभद्र के उरमौरा स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद 35 वर्षीय महिला रूकमणी की मौत हो ...और पढ़ें

सोनभद्र में पथरी ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, जांच शुरू।
HighLights
महिला रूकमणी की पथरी ऑपरेशन के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाया।
जिलाधिकारी ने मामले की जांच हेतु तीन सदस्यीय कमेटी बनाई।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के उरमौरा स्थित वाराणसी पाली हास्पिटल में पथरी के आपरेशन के बाद मंगलवार की रात होना गांव निवासी 35 वर्षीय रूकमणी की मौत हो गई। इससे गुस्साए स्वजन व ग्रामीणों ने पहले पाली हास्पिटल पर हंगामा किया और फिर बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों व कर्मचारियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच और एफआइआर दर्ज कराने की मांग की। उधर जिलाधिकारी चर्चित गौंड़ के निर्देश पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रमेश मिश्रा ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दिया है।
इसमें प्राइवेट अस्पतालों के नोडल अधिकारी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीएस यादव, सर्जन डा. अरविंद व एनीस्थिसिया डा. राजेश सिंह नामित किये गए हैं। ग्राम होना निवासी श्रीनिवास ने दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि वह 28 सितंबर को पत्नी रुकमणी का पथरी का उपचार और आपरेशन कराने के लिए उरमौरा स्थित अस्पताल ले गए थे। चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर लिया।
आरोप है कि मंगलवार करीब 11 बजे पत्नी को आपरेशन के लिए ले जाया गया। करीब एक घंटे बाद अस्पताल की ओर से बताया गया कि उसकी हालत गंभीर हो गई है और उसे वाराणसी ले जाना पड़ेगा। श्रीनिवास का आरोप है कि आर्थिक स्थिति बताने पर चिकित्सक व अस्पताल के अन्य कर्मचारियों ने उसके साथ अभद्रता और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
इसके बाद अस्पताल की एंबुलेंस से पत्नी को वाराणसी भेजा गया, जहां अस्पताल ले जाने के कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आपरेशन के दौरान बरती गई लापरवाही के कारण उसकी पत्नी की हालत बिगड़ी और मौत हुई। उसने पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।
