धड़ल्ले से काटे जा रहे हैं पेड़
ओबरा वन प्रभाग में पेड़ों की अवैध कटाई का मामला रुकने का नाम नही ले रहा है। प्रभाग के ओबरा रेंज के दुर्गम जंगलों में धडल्ले से जंगलों को काटकर खेत बनाया जा रहा है।
जासं, ओबरा (सोनभद्र) : ओबरा वन प्रभाग में पेड़ों की अवैध कटाई का मामला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। प्रभाग के ओबरा रेंज के दुर्गम जंगलों में धड़ल्ले से जंगलों को काटकर खेत बनाया जा रहा है। रेंज के खाड़र, खैराही, अमस्त्र्रोता, धनबहवा, पल्सो एवं छत्ताडांड आदि सेक्शनों में दर्जनों बीघे जंगल काट दिए गए हैं।
गुरुवार को खाड़र में अवैध कटाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रभागीय वनाधिकारी का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि वन विभाग के लोगों को सूचना देने के बावजूद कटाई बदस्तूर जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि सेमिया केसिया प्रजाति के साथ सखुआ, सिद्धा, कठजामुन, जिगना, तेंदू सहित दर्जनों कीमती पेड़ों की कटाई कर खेत बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार जंगल कम होते जा रहे हैं लेकिन वन विभाग इसपर प्रभावी रोक नही लगा पा रहा है। ग्रामीणों ने वनकर्मियों पर मिलीभगत का भी आरोप लगाया। इसमें राम प्रसाद बाबा, ग्राम पंचायत सदस्य राम चन्द्र, सूबेदार, मोहर लाल, विजय बहादुर एवं राम अवध सहित तमाम ग्रामीण मौजूद थे।