निगाही खदान में वाल्वो दुर्घटनाग्रस्त, चालक की मौत
एनसीएल की निगाही परियोजना में सुरक्षा विभाग की एक और चूक सामने आयी। विभागीय लापरवाही के चलते बीती रात ईस्ट खदान क्षेत्र में एक वाल्वो दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की वजह से वाल्वो चालक की घटना स्थल पर मौत हो गयी।
जागरण संवाददाता, ¨सगरौली : एनसीएल की निगाही परियोजना में सुरक्षा विभाग की बड़ी चूक सामने आई है। विभागीय उदासीनता के चलते सोमवार की देर रात ईस्ट खदान क्षेत्र में वाल्वो (कोयला खोदाई करने वाली मशीन )दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसके चालक की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद परियोजना के अधिकारी व सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। हादसे की जानकारी पर पहुंची नवानगर पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में ले लिया।
एनसीएल की निगाही कोल परियोजना के ईस्ट खदान क्षेत्र में देररात एक वाल्वो वाहन अनियंत्रित होकर टाप बेंच से नीचे जा गिरा। इस दुर्घटना में चालक भगवान दास निवासी मुहेर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की मुख्य वजह खदान क्षेत्र के बर्थ का कमजोर होना बताया जा रहा है। कोयला खदान क्षेत्र में हुई इस हादसे की जानकारी जैसे ही निगाही परियोजना के सुरक्षा अधिकारियों एवं प्रबंधन को लगी। आनन-फानन में अधिकारी एवं सुरक्षा कर्मी मौका स्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित खदान कर्मियों ने लगाया जाम
निगाही परियोजना के ईस्ट सेक्शन में दुर्घटनाग्रस्त हुए वाल्वो वाहन के चालक की मौत के बाद खदान क्षेत्र में कार्यरत खदान कर्मी आक्रोशित हो गए। कर्मियों का आरोप था कि परियोजना प्रबंधन एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से आयेदिन खदान क्षेत्र में हो रही दुर्घटनाओं में कर्मियों की जान जा रही है। बावजूद इसके परियोजना प्रबंधन तथा सुरक्षा विभाग आंख मुंदकर बैठा है। कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया है कि दुर्घटना का मुख्य वजह सुरक्षा मानकों का पालन न करना था। आक्रोशित कर्मियों ने खदान क्षेत्र में जाम लगाकर प्रबंधन के विरोध में नारेबाजी भी की। बाद में प्रबंधन के अधिकारियों व पुलिस ने समझा-बुझाकर कर्मियों का शांत कराया।