सोनभद्र में वज्रपात से मृत किशोर का शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, अस्पताल में तोड़फोड़
सोनभद्र में वज्रपात से एक किशोर की मौत के बाद ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा में तोड़फोड़ कर प्रदर्शन ...और पढ़ें

सोनभद्र में वज्रपात से किशोर की मौत पर भड़के ग्रामीण, अस्पताल में तोड़फोड़ कर किया प्रदर्शन।
HighLights
वज्रपात से किशोर की मौत के बाद सोनभद्र में ग्रामीणों का प्रदर्शन।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा में तोड़फोड़, चिकित्साकर्मियों के खिलाफ नारेबाजी।
समय पर उपचार न मिलने पर ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, रामगढ़ (सोनभद्र)। बीते गुरुवार को दोपहर में लगभग एक बजे पन्नूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत किचार गांव निवासी दो किशोर वज्रपात की चपेट में आने से घायल हो जाने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा पर पहुंचे। चिकित्सक की अनुपस्थिति एवं समय से उपचार नहीं मिला। यही नहीं एंबुलेंस भी देर से आई, जिसके बाद दोनों घायल किशोरों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जहां पर चिकित्सकों ने 16 वर्षीय जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं 17 वर्षीय मयंक का उपचार जारी है। जितेंद्र की मौत के बाद शुक्रवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे ग्रामीणों ने मृतक का शव तियरा के पास रख कर प्रदर्शन किया। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तोड़फोड़ भी की।
किचार गांव समेत आसपास गांव से महिलाएं, पुरुष, किशोर व किशोरी इकट्ठा हो गए और चिकित्साकर्मियों के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर मौके पर पन्नूगंज प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय व टीम ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। वहीं कुछ ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और परिसर में घुसकर रजिस्टर, दवाइयां आदि फेंक दिए।
शाम साढ़े छह बजे तक राबर्ट्सगंज-खलियारी मुख्य मार्ग से किचार गांव वाली जाने वाली सड़क पर डटे हुए थे। आक्रोशित ग्रामीणों की मांग थी कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा पर तैनात स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। राबर्ट्सगंज से महिला थानाध्यक्ष सविता सरोज महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गई है।
