विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर सख्ती, विद्यालय में लगे CCTV कैमरे से बोर्ड निदेशालय रखेगा नजर

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:54 PM (IST)

सोनभद्र में यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें परीक्षार्थियों की सुविधा और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियां तेज

यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियां तेज

HighLights

  1. परीक्षा केंद्र 10-12 किमी के दायरे में निर्धारित होंगे।

  2. परीक्षकों और परीक्षार्थियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज होगी।

  3. सचल दस्ते को लाइव लोकेशन देनी होगी।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। माध्यमिक शिक्षा परिषद की आगामी बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में इस बार परीक्षार्थियों की सुविधा और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। केंद्रों का निर्धारण परीक्षार्थियों के विद्यालय से करीब 10 से 12 किलोमीटर की दूरी के दायरे को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया माध्यमिक शिक्षा निदेशालय स्तर से पूरी होगी। परीक्षा के दौरान परीक्षकों और परीक्षार्थियों की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके लिए केंद्रों पर आवश्यक डाटा फीड किया जाएगा, जिससे परीक्षा व्यवस्था की निगरानी आसान हो सके। विद्यालयों से संबंधित विवरण भी आनलाइन अपडेट किए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों को केंद्र निर्धारण से जुड़े मानकों और व्यवस्थाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्र बनने वाले विद्यालयों की सुविधाओं का भी परीक्षण किया जाएगा। यूपी बोर्ड की परीक्षा को लेकर समय-सारिणी घोषित हो चुकी है लेकिन अब तक परीक्षा केंद्रों का निर्धारण नहीं हो सका है। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। विभाग उन्हीं विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाएगा जहां सीसीटीवी कैमरा, शौचालय, पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। मोबाइल नेटवर्क होना चाहिए ताकि आनलाइन कार्यों का निष्पादन आसानी से किया जा सके।

इस बार सचल दस्ता को भी देना होगा लाइव लोकेशन, बतानी होगी समस्या

फरवरी में शुरू होने वाली यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए सचल दस्ता गठित होगा। इस बार सचल दस्ता को भी लाइव लोकेशन देना होगा। मतलब जिस विद्यालय में सचल दस्ता जाएगा, उसके जिस कक्ष में जांच करेगा, उस कक्ष का भी लाइव लोकेशन देना होगा।

लाइव लोकेशन के साथ ही वहां यदि कोई समस्या हो तो उसको ऑनलाइन बताना होगा, ताकि उसका निस्तारण किया जा सके। बोर्ड निदेशालय से विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए प्रत्येक कक्ष की निगरानी की जाएगी। शिक्षक से लेकर सचल दस्ता तक के कार्य की मानीटरिंग होगी।

सोनभद्र के जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष यूपी बोर्ड की परीक्षा में जनपद में करीब ढाई हजार परीक्षार्थी बढ़े हैं। पिछले वर्ष 80 परीक्षा केंद्र निर्धारित थे। इस बार केंद्र बढ़कर 82 हो सकते हैं। इसके लिए आनलाइन डाटा फीड किया जा चुका है। केंद्रों का निर्धारण माध्यमिक शिक्षा निदेशालय करेगा।