सिंंगरौली में कसर गेट के सामने ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौत, एक की हालत गंभीर
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक दर्दनाक रेल हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, ...और पढ़ें

सिंगरौली में मानव रहित रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से दो की मौत एक घायल।
HighLights
सिंगरौली में ट्रेन की चपेट में आने से दो की मौत।
मानव रहित रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा।
एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता सिंगरौली (सोनभद्र)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के कसर इलाके में देर शाम दर्दनाक रेल हादसा हो गया। रेलवे ट्रैक पार करते समय तीन लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार की स्थिति निर्मित हो गई। हादसे में मृतकों की पहचान माडा थाना क्षेत्र के रैला गांव निवासी 45 वर्षीय जगनारायण साहू व झरकटिया गांव निवासी 60 वर्षीय जगदीश गुर्जर के रूप में हुई है। 31 वर्षीय बंधुलाल गुर्जर गंभीर रूप से घायल है। घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
तीनों लोग अपनी बेटी को छोड़ने भवडार जा रहे थे। इसी दौरान मानव रहित कसर रेलवे ट्रैक पार करते समय विपरीत दिशा से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। बता दें कि जहां दुर्घटना हुई, वहां मानव रहित रेलवे क्रासिंग है। अक्सर लोग उस रेलवे पटरी को पार करते हैं जिससे पूर्व से ही दुर्घटना की आशंका व्यक्त की जाती रही है।
