सोनभद्र में अपनी दुकान को बंद कर भाग गए दो उर्वरक विक्रेता, लाइसेंस निलंबित
सोनभद्र के घोरावल में कृषि विभाग ने उर्वरक व कीटनाशी विक्रेताओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान बंद कर ...और पढ़ें

सोनभद्र में उर्वरक दुकानों पर कृषि विभाग का छापा, दो विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित। (फाइल)
HighLights
कृषि विभाग ने सोनभद्र के घोरावल में दुकानों का निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, घोरावल (सोनभद्र)। जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने शनिवार को घोरावल ब्लाक क्षेत्र में फुटकर उर्वरक एवं कीटनाशी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान गुणवत्ता जांच के लिए तीन उर्वरक और पांच कीटनाशकों के नमूने लिए गए।
नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद एवं कृषि रक्षा रसायन उपलब्ध हो सकें। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार, अपर जिला कृषि अधिकारी संदीप कुमार मौर्या और वरिष्ठ पौध संरक्षण सहायक सोनभद्र की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान घोरावल स्थित मान्यता खाद एवं बीज भंडार के प्रोपराइटर ने प्रतिष्ठान बंद कर दिया और मौके से चला गया।
इसी तरह शाहगंज स्थित सिंह खाद भंडार के प्रोपराइटर विनोद सिंह भी दुकान बंद कर निरीक्षण से बचते हुए चला गया। इस कृत्य को संदिग्ध मानते हुए दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। साथ ही उर्वरक एवं कृषि रसायनों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। विभाग की कार्रवाई से विक्रेताओं में अफरा-तफरी मची रही।
