विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में मशीन ले जा रहे ट्रेलर का टायर फटा, मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर चार किमी लंबा जाम

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 30 Sep 2026 06:28 PM (GMT+05:30)

सोनभद्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर एक भारी ट्रेलर का टायर फटने से यातायात बाधित हो गया। इस घटना से सड़क ...और पढ़ें

सोनभद्र: मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर ट्रेलर का टायर फटा, चार किमी लंबा जाम।

सोनभद्र: मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर ट्रेलर का टायर फटा, चार किमी लंबा जाम।

HighLights

  1. मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर भारी ट्रेलर का टायर फटा।

  2. मशीन ले जा रहे ट्रेलर से चार किमी लंबा जाम।

  3. तीन घंटे से यातायात बाधित, पुलिस जाम खुलवा रही।

जागरण संवाददाता, रेणुकूट (सोनभद्र)। मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर बुधवार को मशीन लेकर जा रहे एक भारी ट्रेलर का टायर फटने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। ट्रेलर पर हाइड्रोलिक क्रालर एक्सकेवेटर (पोकलेन मशीन) लदी हुई थी। ट्रेलर के बीच सड़क पर खराब हो जाने से सिंगल रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।

देखते ही देखते करीब चार किलोमीटर तक जाम लग गया। जाम मुर्धवा से करीब एक किमी आगे से लेकर कटौली मोड़ तक लगा हुआ है। करीब तीन घंटे से वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर बस, ट्रक, छोटे मालवाहक और दोपहिया वाहन चालकों को आगे निकलने में काफी दिक्कत हुई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुर्धवा-बीजपुर मार्ग सिंगल रोड होने के बावजूद इस पर लगातार भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही बढ़ती जा रही है। बड़े ट्रेलर और मालवाहक वाहनों के आमने-सामने आने पर सड़क पर जगह बेहद कम बचती है। ऐसे में किसी भारी वाहन के खराब होने या टायर फटने पर पूरा यातायात प्रभावित हो जाता है।

जाम में फंसे वाहन चालकों ने बताया कि लंबे समय तक सड़क पर खड़े रहने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई लोग जरूरी काम और यात्रा के लिए निकले थे, लेकिन जाम के चलते घंटों सड़क पर ही रुकना पड़ा। वहीं, यातायात सुचारु कराने के लिए पुलिस मौके पर पहुंचकर लगातार प्रयास कर रही है और वाहनों को धीरे-धीरे निकालने की कोशिश की जा रही है।