चोरी में बाधा बनी वृद्धा की गला दबाकर हत्या
स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के लोहरा गांव में शुक्रवार की रात चोरी करने घुसे चोरों ने घर में सो रही एक वृद्ध महिला की हत्या कर दी। शनिवार की सुबह जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक ने मौका मुआयना किया और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कई स्थानों से जांच के लिए नमूना लिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। वृद्ध महिला का पुत्र घर के बाहर ही सो रहा था।
जागरण संवाददाता, सुकृत (सोनभद्र): पुलिस चौकी क्षेत्र के लोहरा गांव में शुक्रवार की रात घर में चोरी करने घुसे चोरों ने सो रही एक वृद्ध महिला की हत्या कर दी। शनिवार की सुबह जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधीक्षक ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कई स्थानों से जांच के लिए नमूना लिया। वृद्धा का पुत्र घर के बाहर ही सो रहा था।
लोहरा गांव निवासी चमेली (70) के दो पुत्र भानू व रामाश्रय हैं। भानू ने गत दिनों ट्रक खरीदा इसलिए वह अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश के मैहर धाम में दर्शन करने गए थे। दूसरा पुत्र रामाश्रय का परिवार कहीं रिश्तेदारी में गया था। शुक्रवार की रात में चमेली व रामाश्रय घर पर थे। गर्मी के कारण रामाश्रय घर के बाहर ही चारपाई लगाकर सो गए और अंदर उनकी मां चमेली। सुबह जब जगे और दरवाजा खोलकर अंदर गए। वहां आलमारी टूटी थी व सामान बिखरे पड़े थे। उसी कमरे में सो रही उनकी मां की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी रामाश्रय ने आस-पास के लोगों व पुलिस को दी। उन्होंने आशंका जताई कि रात में चोरी के लिए चोर घुसे और जब मां के जगने का आहट लगा तो वे हत्या कर दिए। घटनास्थल के पास थोड़ा खून भी गिरा था। पुलिस के मुताबिक हत्या कैसे की गई है इसकी जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक महिला के पुत्र ने तहरीर दी है। उसी आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सीओ सिटी अभिषेक सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।