समूह की महिलाओं ने जाना मिट्टी के रासायनिक गुण
मिट्टी में किस तत्व की अधिकता एवं कमी से किस तरह की समस्या उत्पन्न होती है, इसकी जानकारी दैनिक जागरण के आधुनिक अन्नदाता अभियान के तहत राष्ट्रीय आजीविका मिशन कार्यालय के प्रशिक्षण हाल में चल रहे पांच दिवसीय प्रशिक्षण के तीसरे दिन शुक्रवार को प्रशिक्षु महिलाओं को विस्तार पूर्वक बताया गया।
जागरण संवाददाता, दुद्धी (सोनभद्र) : मिट्टी में किस तत्व की अधिकता एवं कमी से फसलों के उत्पादन में किस तरह के प्रभाव पड़ते हैं, इसकी जानकारी
शुक्रवार को दैनिक जागरण के आधुनिक अन्नदाता अभियान के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं महिलाओं ने प्राप्त की। यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय आजीविका मिशन के कार्यालय में चल रहा है। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के तीसरे दिन शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। इस दौरान प्रशिक्षण ले चुकी संध्या मौर्या ने भी अपने अनुभवों को साझा किया।
जिलाधिकारी व सीडीओ के दिशा-निर्देशन में एनआरएलएम के डीसी करुणापति मिश्र द्वारा मिट्टी के गुणों व उसकी जांच संबंधी जानकारियां महिलाओं को दी जा रही है। शुक्रवार को प्रशिक्षक शैलेष कुमार मौर्य ने समूह की महिलाओं को फास्फोरस, पोटेशियम एवं सल्फर की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही उसकी कमी को पूरा करने एवं सही माप करने के तरीके भी बताये गये। प्रशिक्षुओं द्वारा लायी गयी मिट्टी के नमूनों की जांच उनके हाथों कराते हुए उसके परिणाम भी दिखाये गये। इसको लेकर प्रशिक्षु महिलाओं में अत्यधिक उत्साह देखने को मिला। वे अपने खेत से लायी गई मिट्टी के नमूनों के जांच को लेकर काफी उत्साहित भी दिख रही थीं। ब्लाक एंकर पर्सन जय कुमार जोशी एवं उपेंद्र कुमार ने तीसरे दिन के प्रशिक्षण समापन होने के दौरान समूह की महिलाओं से अब तक प्राप्त प्रशिक्षण के बारे में पूछताछ कर उनकी प्रतिभाओं का आंकलन करते हुए उन्हें बताया कि यह पांच दिन का प्रशिक्षण उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जायेगा। उन्होंने प्रशिक्षु महिलाओं से अपील की कि वे पूरी ईमानदारी से प्रशिक्षण शिविर में बतायी जा रही जानकरियों को अपने मन-मस्तिष्क में अच्छी तरह बैठा लें। इससे भविष्य में उन्हें किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रशिक्षु महिलाओं में किसान रूबी देवी, सुचित्रा देवी, रेखा देवी, संध्या शर्मा, सावित्री देवी, उषा देवी सहित और भी महिलाएं मौजूद रहीं।