प्रबंधन कर रहा मजदूरहितों की अनदेखी
अनपरा तापीय परियोजना प्रबंधन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए जिला संविदा संयुक्त संघर्ष समिति ने काशीमोड़ स्थित कार्यालय में बैठक कर आक्रोश व्यक्त किया।
जासं, अनपरा (सोनभद्र) : अनपरा तापीय परियोजना प्रबंधन पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए जिला संविदा संयुक्त संघर्ष समिति ने काशी मोड़ स्थित कार्यालय में बैठक कर आक्रोश जताया। संघर्ष समिति के मंत्री सुरेंद्र पाल ने कहा कि परियोजना में एक ही काम पर गत 20 वर्षों से कार्य कर रहे मजदूरों को बगैर सूचना दिए काम से हटा दिया गया है। गतदिनों जिलाधिकारी व श्रम अधिकारी के साथ हुई वार्ता के बावजूद भी प्रबंधन उस पर अमल नहीं कर रहा है। मजदूरों को हाजिरी कार्ड पेमेंट स्लिप आदि मुहैया नहीं कराई जा रही है। मुस्ताक अहमद, केदार सिंह ने कहा कि यहां इतनी बड़ी विद्युत परियोजना संचालित है लेकिन साधारण बीमारी मलेरिया, टाइफाइड होने पर भी मजदूरों को बाहर जाना पड़ रहा है। डिबुलगंज चिकित्सालय में समुचित व्यवस्था न होने से मजदूरों का सही ढंग से इलाज नहीं हो पा रहा है। मजदूरों का पैसा काटा जा रहा है लेकिन उसके एवज में सुविधा नहीं दी जा रही है। प्रबंधन की तानाशाही कार्यप्रणाली से मजदूरों में रोष व्याप्त है। बैठक में उदय प्रताप सिहं, राजेंद्र कुशवाहा, ओंम प्रकाश सिंह आदि उपस्थित रहे।