बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में सपा का प्रदर्शन
जागरण संवाददाता सोनभद्र प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अपराधी बेखौफ होकर घटना को अंजाम दे रहे हैं लेकिन सरकार इस पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
जिलाध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत गंभीर है। हत्या, लूट, अपहरण व दुष्कर्म की घटनाएं प्रतिदिन हो रही हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार इस पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल है। कहा कि कानून व्यवस्था का हाल यह है कि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में बलिया में 15 अक्टूबर को दिनदहाड़े राशन दुकान के आवंटन की पंचायत में हुए विवाद में भाजपा नेता ने एक युवक को गोली मार दी। भाजपा दलितों वंचितों और समाज के कमजोर वर्ग के हितों की अनदेखी कर रही है। पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि धंधरौल बांध की खाली पड़ी जमीन को कृषि कार्य के लिए किसानों के लिए पट्टा पर दिया जाए। जिले में धारा-20 की जमीन पर कृषि कर रहे किसानों और उनके घर बगीचे को ना उजाड़ा जाए। पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्य प्रणाली से प्रदेश में हर तरफ आक्रोश है। इसमें जिला महासचिव मो. शाहिद कुरैशी, राम निहोर यादव, संजय यादव, श्याम बिहारी यादव, अनिल प्रधान, महफूज आलम, रामप्यारे सिंह पटेल, निर्मल चेरो, रमेश यादव, विजय शंकर जायसवाल, बाबूलाल यादव, अशोक पटेल आदि थे।