हल्ला बोल कार्यक्रम में सपाजनों ने किसानों का जाना दर्द
जागरण संवाददाता सोनभद्र धान क्रय में व्याप्त दुर्व्यवस्था बारिश में धान रखने के संसाधनों व धीमी ।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : धान क्रय में व्याप्त दुर्व्यवस्था, बारिश में धान रखने के संसाधनों व धीमी गति से खरीद मामले से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। राबर्ट्सगंज नगर में स्थित धान क्रय केंद्रों पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने किसानों का दर्द भी जाना। जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा की धान क्रय केंद्रों पर किसानों का जमकर शोषण किया जा रहा है एक। एक महीने से ट्रैक्टर ट्राली पर धान लेकर खड़े किसानों की बातों को क्रय केंद्र प्रभारी सुन ही नहीं रहे हैं। जनप्रतिनिधि भी आंख बंद किए हुए हैं। किसानों से वार्ता के दौरान पता चला कि कई किसान धान लाने के लिए किराये पर ट्रैक्टर ट्राली लेकर आए हैं, लेकिन खरीद की धीमी गति के कारण वे भी खड़े हैं और वाहन का किराया बढ़ता जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने जनप्रतिनिधियों पर भी रोष जताया। उनका कहना था कि जिले के सांसद व विधायक हाट शाखा पर जाकर देखना भी उचित नहीं समझ रहे कि किसान के साथ कैसा व्यवहार किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि धान क्रय केंद्र की व्यवस्था नहीं सुधरी तो क्रय केंद्र पर वे धरना देने को मजबूर होंगे। इसमें हिफाजत अली, सोनू यादव, सोना, सुरेश व मुन्ना कुशवाहा उपस्थित रहे।