विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में एक घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, ईडीसी के सामने प्रसूता ने दिया बच्चे को जन्म

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 01 Oct 2026 06:28 PM (GMT+05:30)

सोनभद्र के एनटीपीसी रिहंद परिसर में एंबुलेंस के एक घंटे देर से पहुंचने के कारण एक महिला ने ईडीसी के ...और पढ़ें

सोनभद्र में एंबुलेंस की देरी से एनटीपीसी परिसर के बाहर प्रसूता ने दिया बच्चे को जन्म।

सोनभद्र में एंबुलेंस की देरी से एनटीपीसी परिसर के बाहर प्रसूता ने दिया बच्चे को जन्म।

HighLights

  1. एनटीपीसी रिहंद परिसर में एंबुलेंस पहुंचने में हुई देरी।

  2. प्रसव पीड़ा में महिला ने खुले में बच्चे को जन्म दिया।

  3. परिजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही की जांच की मांग की।

जागरण संवाददाता, बीजपुर (सोनभद्र)। एनटीपीसी रिहंद परिसर में गुरुवार सुबह आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। डोढर निवासी अर्जुन की पत्नी रेशमा को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन एनटीपीसी परिसर स्थित कर्मचारी विकास केंद्र (ईडीसी) के पास पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची।

इसी दौरान प्रसव पीड़ा बढ़ने पर महिला ने ईडीसी के सामने ही खुले में बच्चे को जन्म दे दिया। बाद में पहुंची एंबुलेंस से जच्चा-बच्चा को धन्वंतरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के मुताबिक, रेशमा को सुबह करीब नौ बजे तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। हालत बिगड़ने पर एंबुलेंस के लिए कई बार संपर्क किया गया, लेकिन समय से मदद नहीं मिली।

उनका आरोप है कि इस दौरान परिसर के मार्ग से कई अधिकारी अपने वाहनों से गुजरते रहे, लेकिन किसी ने रुककर सहायता नहीं की। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। पीड़ित अर्जुन ने आरोप लगाया कि उनका परिवार अनुसूचित जाति से है और ग्रामीणों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में उपेक्षा की जाती है। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच, एंबुलेंस कंट्रोल रूम के कॉल रिकॉर्ड व मूवमेंट की जांच तथा लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ डा. रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला के स्वजन ने एनटीपीसी की एंबुलेंस बुलाने के लिए काल किया था। स्वजन उसी के अस्पताल में दिखाना भी चाहते थे।