सोनभद्र के गांवों में 4.23 करोड़ से बनेंगे उत्सव भवन, शादी के लिए शहर जाने की मजबूरी होगी खत्म
सोनभद्र के गांवों में अब शादी-विवाह और सामुदायिक आयोजनों के लिए शहर जाने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
4.23 करोड़ से गांवों में उत्सव भवन बनेंगे।
शादी-विवाह के लिए शहर जाने की मजबूरी खत्म होगी।
सोनभद्र के सफरीपुर, अरंगी, कुदरी में निर्माण जल्द।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। शादी-विवाह के लिए गेस्ट हाउस की तलाश में अब ग्रामीणों को शहर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। गांव में ही गेस्ट हाउस जैसी सुविधाओं के साथ मांगलिक और सामुदायिक आयोजन की सुविधा मिलने जा रही है।
सोनभद्र में तीन ग्राम पंचायतों के पंचायत उत्सव भवन के लिए शासन ने 4 करोड़ 23 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। राबर्ट्सगंज ब्लाक की सफरीपुर और अरंगी तथा म्योरपुर की कुदरी में जल्द निर्माण शुरू होगा।
ओबरा क्षेत्र की बिल्ली मारकुंडी में जून से निर्माण कार्य चल रहा है। इस तरह जिले की चार ग्राम पंचायतों में पंचायत उत्सव भवन ग्रामीणों के लिए आयोजन का नया केंद्र बनेंगे।
निजी गेस्ट हाउस का खर्च घटेगा, मिलेगी राहत
ग्रामीण क्षेत्रों में शादी-विवाह के लिए निजी गेस्ट हाउस और मैरिज लान बुक करने पर परिवारों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। पंचायत उत्सव भवन में ग्रामीणों को साधारण यूजर चार्ज देकर आयोजन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
इससे सीमित आय वाले परिवारों को भी कम खर्च में अपने पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित करने का विकल्प मिलेगा। यहां केवल वैवाहिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यक्रम, ग्राम स्तरीय बैठक और अन्य सामुदायिक गतिविधियां भी आयोजित की जा सकेंगी।
बिल्ली मारकुंडी में नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य
ओबरा विधानसभा क्षेत्र की बिल्ली मारकुंडी ग्राम पंचायत में पंचायत उत्सव भवन का निर्माण जून में शुरू कराया जा चुका है। इसे नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। निर्माण पूरा होने के बाद यहां के ग्रामीणों को भी गांव में ही मांगलिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा मिल सकेगी।
बजट स्वीकृत होने के बाद सफरीपुर, अरंगी व कुदरी में टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण शुरू कराया जाएगा। भवनों को ग्रामीणों की जरूरत के अनुरूप विकसित किया जाएगा। शादी-विवाह, पारिवारिक समारोह, सामाजिक कार्यक्रम व बैठक और सामुदायिक आयोजनों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सके।
- चर्चित गौड़, जिलाधिकारी।
