विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र में माध्यमिक विद्यालयों में 16.60 करोड़ होगा कायाकल्प, बाउंड्रीवाल और अन्य कार्यों पर होगा खर्च

Published: Sat, 03 Oct 2026 02:37 PM (IST)

सोनभद्र जिले के 32 माध्यमिक विद्यालयों का जिला खनिज निधि से 16.60 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा। ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सोनभद्र के 32 माध्यमिक विद्यालयों का होगा जीर्णोद्धार।

  2. 16.60 करोड़ रुपये का बजट जिला खनिज निधि से स्वीकृत।

  3. बाउंड्रीवाल, लैब, शिक्षण कक्ष, शौचालय आदि का निर्माण।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। जिले के माध्यमिक विद्यालयों की सूरत जल्द बदलेगी। जिला खनिज निधि (डीएमएफ) से 32 माध्यमिक विद्यालयों में जीर्णोद्धार कार्य के लिए 16.60 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इस बजट से विद्यालयों में बाउंड्रीवाल के साथ ही प्रयोगशाला कक्ष, शिक्षण कक्ष, शौचालय, गार्ड रूम सहित अन्य निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

कई विद्यालयों में बाउंड्रीवाल न होने से सुरक्षा और अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी, जिसे इस योजना से दूर किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार स्वीकृत बजट से कार्य योजना तैयार कर जल्द ही कार्यदायी संस्था के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इससे छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा।

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बहुआर में दो प्रयोगशाला कक्ष का निर्माण होगा। इसमें जूनियर साइंस लैब, गणित लैब, दो अतिरिक्त शिक्षण कक्ष का निर्माण शामिल है।

यह निर्माण करीब 80 लाख रुपये की लागत से होगा। इसके लिए परियोजना प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड मीरजापुर को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।

चोपन ब्लॉक में डीएमएफ से होगा सर्वाधिक कार्य

माध्यमिक विद्यालयों में डीएमएफ मद से सर्वाधिक छह कार्य चोपन ब्लॉक में होगा। पांच-पांच कार्य राबर्ट्सगंज और म्योरपुर ब्लॉक में होंगे। नगवां ब्लॉक में चार, चतरा, बभनी में तीन-तीन, करमा, घोरावल व दुद्धी में दो-दो और कोन ब्लॉक में सिर्फ एक विद्यालय में चहारदीवारी का निार्मण होगा।

इस तरह 32 माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर चहारदीवारी का निर्माण कराया जाना है। जिला खनिज निधि से बजट की स्वीकृति मिल गई है। बजट प्राप्त होते ही कार्रवाई संस्था कार्य शुरू कर देगी।

जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी, साइंस लैब, शिक्षण कक्ष आदि का निर्माण डीएमएफ मद से होगा। इसके लिए प्रस्ताव स्वीकार हो चुका है। बजट मिलते ही निर्माण शुरू हो जाएगा। -जयराम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, सोनभद्र।