विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आइजीआरएस में सोनभद्र पुलिस फिर नंबर एक, लगातार तीसरी बार प्रदेश में अव्वल

By mukesh srivastava Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 06 Oct 2026 06:08 PM (IST)

सोनभद्र पुलिस ने लगातार तीसरे माह जनशिकायतों के निस्तारण में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। सितंबर की आइजीआरएस ...और पढ़ें

आइजीआरएस में सोनभद्र पुलिस ने लगाई हैट्रिक, लगातार तीसरी बार प्रदेश में अव्वल।

आइजीआरएस में सोनभद्र पुलिस ने लगाई हैट्रिक, लगातार तीसरी बार प्रदेश में अव्वल।

HighLights

  1. सोनभद्र पुलिस लगातार तीसरे माह प्रदेश में नंबर एक।

  2. आइजीआरएस सितंबर रैंकिंग में 100 में से 100 अंक।

  3. जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण से मिली यह सफलता।

जागरण संवाददाता, सोनभद्र। जनशिकायतों के निस्तारण में सोनभद्र पुलिस ने लगातार तीसरे माह प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। आइजीआरएस की सितंबर की रैंकिंग में जिले को 100 में 100 अंक मिले हैं। प्रदेश के साथ ही वाराणसी जोन में भी सोनभद्र पुलिस अव्वल रही।

इससे पहले जुलाई और अगस्त में भी जिला प्रथम स्थान पर था। शिकायतों के निस्तारण में मौके पर सत्यापन, शिकायतकर्ता से संवाद और कार्रवाई की गुणवत्ता को प्रमुखता दी गई। अधिकारियों ने थानावार शिकायतों की नियमित समीक्षा कर समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित कराई। लंबित प्रकरणों की निगरानी के साथ निस्तारण की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर रहा।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आइजीआरएस प्रकरणों की लगातार समीक्षा की गई। अधिकारियों और थाना प्रभारियों को शिकायतों का निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण समाधान कराने के निर्देश दिए गए। इसका असर जिले की रैंकिंग में दिखाई दिया। जनपद के 22 थानों में 18 ने 100 में 100 अंक हासिल किए।

लगातार तीन माह शीर्ष स्थान पर रहना शिकायत निस्तारण की प्रभावी निगरानी और पुलिस की जवाबदेही को दर्शाता है। इसके पूर्व भी जनपद पुलिस को इस तरह की सफलता प्राप्त हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी थाना प्रभारी के साथ क्षेत्राधिकारी व एएसपी इस सफलता को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयत्न करते रहें।