सोनभद्र में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
सोनभद्र में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने गति तेज कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा प्रशासन।
HighLights
डीएम चर्चित गौड़ ने चुनाव तैयारियों का जायजा लिया।
पोलिंग पार्टियों की रवानगी और प्रशिक्षण व्यवस्था जांची।
स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष का भी निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने रविवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज लोढ़ी और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क का स्थलीय निरीक्षण कर निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष की व्यवस्थाओं को परखा।
डीएम ने पॉलिटेक्निक कॉलेज में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान बसों व अन्य वाहनों के खड़े होने के स्थान, प्रवेश व निकास मार्ग तथा मतदान कार्मिकों को ड्यूटी वितरण की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद प्रस्तावित मतगणना कक्ष और स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।
उन्होंने मतगणना एजेंटों के प्रवेश द्वार समेत सुरक्षा व आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी देखा। राजकीय इंजीनियरिंग कालेज को मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण स्थल के रूप में चिन्हित किया गया। डीएम ने यहां हाल की क्षमता, कार्मिकों के बैठने और प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।
पूर्व में भी इसी परिसर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हो चुका है। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन की प्रत्येक व्यवस्था का समय से पहले सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशिक्षण से लेकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी, स्ट्रांग रूम और मतगणना तक किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। इस मौके पर एडीएम वागीश कुमार शुक्ला, एसडीएम आशीष कुमार त्रिपाठी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
